उमरिया में रीवा-शहडोल संभागीय खाद्य सुरक्षा उड़नदस्ते ने बुधवार को बांधवगढ़ क्षेत्र के दो प्रमुख रिसॉर्ट्स, ताज सफारी और मॉनसून फॉरेस्ट पर कार्रवाई की। इस दौरान दोनों रिसॉर्ट्स में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया।
.
ताज सफारी रिसॉर्ट में बिना अनुमति बार का संचालन और अवैध खाद्य निर्माण का खुलासा हुआ। निरीक्षण में पाया गया कि रिसॉर्ट परिसर में ब्रेड का निर्माण बिना आवश्यक लाइसेंस के किया जा रहा था।
बार में अल्कोहॉलिक बेवरेज का स्टॉक मिला
इसके अतिरिक्त, बार में अल्कोहॉलिक बेवरेज का भंडारण और विक्रय हो रहा था, जिसके लिए फूड लाइसेंस में कोई अनुमति नहीं थी। भोजन तैयार करने में मिसब्रांडेड दलिया का उपयोग किया जा रहा था, और खाद्य कारोबार का संचालन लाइसेंस की निर्धारित श्रेणी से बाहर पाया गया।
उड़नदस्ता टीम ने ताज सफारी से पांच खाद्य नमूने लिए और बार संचालन को तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश जारी किया।
एक्सपायरी मैदा का उपयोग पाया गया
दूसरे निरीक्षण में, मॉनसून फॉरेस्ट रिसॉर्ट में खाद्य स्वच्छता की स्थिति चिंताजनक पाई गई। रसोई में सड़ी-गली सब्जियां और एक्सपायरी मैदा का उपयोग किया जा रहा था।
टीम को आटे में कीट भी मिले। शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक साथ संग्रहीत किया गया था, जो खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है। भोजन तैयारी क्षेत्र में भी गंदगी और अस्वच्छ माहौल पाया गया।
इन गंभीर गड़बड़ी को देखते हुए, टीम ने रिसॉर्ट को नोटिस जारी किया और लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा जिला अधिकारी को भेज दी है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई ने पर्यटन क्षेत्र के बड़े रिसॉर्ट्स में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की वास्तविक स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।