सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र में एक युवती की खुली खदान में गिरने से मौत हो गई। यह घटना मंगलवार शाम बम्हौर-हार स्थित एक बंद पत्थर खदान में हुई, जिसमें पानी भरा हुआ था। हादसे में एक युवक घायल हो गया, जिसे ग्रामीणों ने बचाया।
.
पुलिस के अनुसार, बम्हौर-हार में बरहा-छींदा के पास यह पुरानी पत्थर खदान खुली पड़ी है। इसके चारों ओर झांडियां उग आई हैं और खदान में पानी भरा है। खदान के पास से ही एक रास्ता गुजरता है, जिसका उपयोग लोग आने-जाने के लिए करते हैं।
संतुलन खोकर खदान में गिरी युवती
मंगलवार शाम करीब 6 बजे बचवई निवासी 37 वर्षीय सुधा पिता रामखेलावन कोरी इसी रास्ते से जा रही थीं। झाड़ियों के कारण वह खदान को देख नहीं पाईं और संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गईं। रैगांव निवासी पुष्पेंद्र सोनी ने उन्हें गिरते देखा और बचाने के लिए खदान में उतर गए, लेकिन खुद भी फंस गए।
बचाने उतरा युवक भी फंसा, ग्रामीणों ने बचाया
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। उन्होंने किसी तरह पुष्पेंद्र सोनी को खदान से बाहर निकाला। हालांकि, जब तक सुधा को बाहर निकाला जाता, उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर नागौद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चूरी भेज दिया।