खरगोन जिले के सेगांव क्षेत्र के जमोठी गांव में गुरुवार शाम नांगलवाड़ी सिंचाई परियोजना की पाइपलाइन अचानक फट गई। इससे लगभग 30 फीट ऊंचा पानी का फव्वारा छूटा और आसपास के खेत तालाब में तब्दील हो गए, जिससे किसानों की लाखों की फसल बर्बाद हो गई।
.
घटना शाम करीब 5:30 बजे हुई, जब गांव के बीच से गुजर रही पाइपलाइन तेज बहाव के साथ फट गई। पानी का दबाव इतना अधिक था कि वह 30 फीट से भी अधिक ऊंचाई तक उछल रहा था। लगभग दो घंटे तक पानी का तेज बहाव जारी रहा, जिसके बाद लाइन को बंद किया जा सका।
महिलाएं-बच्चे जान बचाने घरों से भागे प्रत्यक्षदर्शी जीवन निगवाल ने बताया कि पाइपलाइन फटने के बाद बच्चे और महिलाएं अपनी जान बचाने के लिए घरों से भागे। पानी की गति इतनी तेज थी कि छोटे पत्थर भी उसके बहाव में उड़कर किसानों के घरों के पास गिरे। ग्रामीणों की सूझबूझ से कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन किसानों को भारी नुकसान हुआ।
किसान जगदीश पिता दशरथ, शंकर छोगालाल और बली प्रेमलाल के खेतों में पानी भरने से फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं। पशुओं के लिए रखा गया चारा भी पानी के तेज बहाव में बह गया, जिससे किसानों को दोहरा नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलने पर विधायक केदार डावर के निर्देश पर नांगलवाड़ी सिंचाई परियोजना के प्रबंधक और राजस्व दल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और पटवारी को नुकसान का पंचनामा बनाने के निर्देश दिए हैं।
देखिए तस्वीरें…
फव्वारा को बहुत दूर से देखा गया।

घटना शाम करीब 5:30 बजे हुई।