फॉग स्प्रे से बचेंगे 5 लाख रुपए…: गलियों का प्रदूषण कम करेगा निगम का जुगाड़, कचरा गाड़ी बनेगी एंटी स्मॉग यूनिट – Bhopal News

फॉग स्प्रे से बचेंगे 5 लाख रुपए…:  गलियों का प्रदूषण कम करेगा निगम का जुगाड़, कचरा गाड़ी बनेगी एंटी स्मॉग यूनिट – Bhopal News


राजधानी की सांसें बचाने की लड़ाई में अब हर कचरा गाड़ी बनेगी ‘मोबाइल एंटी-स्मॉग यूनिट’। दरअसल शहर की हवा इन दिनों सांसें रोक देने वाली हो चुकी है। रात होते ही शहर का पीएम 2.5 स्तर अब 400 के पार पहुंच रहा है।

.

बिगड़ती स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने एक किफायती और प्रभावी ‘जुगाड़ू इनोवेशन’ तैयार किया है। जी हां, यह सिर्फ 2 हजार रुपए में बना है। पानी की बौछार करने वाला यह सिस्टम डोर-टू-डोर कचरा एकत्र करने वाली अभी 5 गाड़ियों में फिलहाल ट्रायल के तौर पर लगाया गया है।

एक महीने के अंदर सभी 400 डोर-टू-डोर कचरा गाड़ियों में इस सिस्टम को लगाया जाएगा। इससे हवा साफ करने के साथ ही हर मशीन पर नगर निगम को 4.98 लाख रुपए की बचत होगी, क्योंकि एक मिस्ट स्प्रे वैन 5 लाख रुपए की आती है। यह परिकल्पना नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन की है। उन्होंने निगम उपायुक्त चंचलेश गिरहरे और उपयंत्री विजय गोयल की एक टीम बनाकर यह लो-कॉस्ट फॉगर तैयार किया है।

कमिश्नर जैन ने बताया कि शहर में प्रदूषण को कम करने के लिए पानी का छिड़काव किया जाता है। इसके लिए शहर की प्रमुख सड़कों पर 31 वाटर स्प्रिंकलर और एंटी-स्मॉग गन या मिस्ट स्प्रे वैन चल रही हैं। यह सिर्फ मुख्य सड़कों पर ही छिड़काव कर पाते हैं। लेकिन गलियों और सर्विस रोड पर पानी का छिड़काव नहीं हो पाता है। नई पहल से अब हम गलियों का प्रदूषण कम कर सकेंगे।

यह है नया ‘फॉगर सिस्टम’ उपायुक्त गिरहरे ने बताया कि कचरा गाड़ी में अधिकतम 250 लीटर की क्षमता वाली पानी की एक टंगी लगाई गई है। इसमें एक वोल्ट की पानी की मोटर लगाई गई है। इस मशीन से पाइप जोड़कर गाड़ी के पिछले हिस्से में फॉगर पाइप लगाए। इस सिस्टम को बनाने में अधिकतम 2 हजार रुपए का खर्च आया है।

क्यों जरूरी है यह कदम? जैसे-जैसे ठंड बढ़ रही है, भोपाल का एयर क्वालिटी इंडेक्स लगातार खतरे के स्तर को छू रहा है। एक्यूआई 300 के आसपास पीएम 2.5 दो घंटे तक 400+ मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात 8 बजे पीएम 2.5 जहां 137 था, वहीं रात 12 बजे यह 407 तक पहुंच गया।



Source link