रायसेन जिले के बेगमगंज में गुरुवार को बिजली के पोल पर केबल बदलते समय एक हेल्पर को करंट लग गया। करंट लगने के बाद हेल्पर खंभे पर ही उल्टा लटक गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाद में साथी कर्मचारियों ने उसे खंभे से नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया।
.
सूत्रों के अनुसार, नगर में नई विद्युत केबल डालने का काम चल रहा है। सागर-भोपाल मुख्य मार्ग पर स्वराज ट्रैक्टर एजेंसी और अस्पताल मार्केट के बीच एक खंभे पर केबल डाली जा रही थी। उस समय विद्युत आपूर्ति बंद थी, लेकिन अचानक आपूर्ति चालू होने से खंभे पर चढ़ा मजदूर रामनरेश भार्गव (25 वर्ष, निवासी सीतापुर, लखनऊ, उत्तर प्रदेश) करंट की चपेट में आ गया। वह लगभग 15 मिनट तक खंभे से चिपका रहा, जिसे देखकर अन्य मजदूरों ने शोर मचाया।
हेल्पर को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
साथी मजदूरों ने नीचे उतारा बिजली कंपनी को सूचना दिए जाने के बाद जब विद्युत आपूर्ति बंद हुई, तब साथी मजदूरों ने खंभे पर चढ़कर रामनरेश को नीचे उतारा। उसे तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद, जब ठेकेदार से बिना सुरक्षा उपकरण के काम कराने के संबंध में पूछा गया, तो वह भड़क गया और अपना नाम बताने से इनकार कर दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि पूर्व में भी ऐसी घटनाओं के बाद विद्युत अधिकारियों ने सुरक्षा उपायों के साथ काम कराने का आश्वासन दिया था।
हालांकि, इस बार निजी ठेकेदार द्वारा बिना सुरक्षा उपकरणों के काम कराए जाने से यह हादसा हुआ। विद्युत अधिकारियों ने निजी ठेकेदार का नाम संजय परिहार बताया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
थाना प्रभारी राजीव उइके ने जानकारी दी कि घायल मजदूर रामनरेश भार्गव के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। विवेचना पूरी होने के बाद संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।