IPL 2026 का मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को अबू धाबी में होने वाला है. इस मिनी ऑक्शन में 39 साल का एक भारतीय क्रिकेटर बिकने के लिए तैयार बैठा है. एक क्रिकेटर जिस उम्र में संन्यास लेता है, उसी उम्र में यह खिलाड़ी IPL की नीलामी में हिस्सा लेगा. इस खिलाड़ी ने अपने क्रिकेट करियर में अभी तक 705 विकेट लेने के अलावा 9967 रन भी बनाए हैं. हालांकि इस दिग्गज क्रिकेटर को कभी भी टीम इंडिया के लिए इंटरनेशनल डेब्यू का मौका नहीं मिला है.
ऑक्शन में हिस्सा लेगा ये सबसे उम्रदराज क्रिकेटर
भारतीय क्रिकेटर जलज सक्सेना 15 दिसंबर 2025 को 39 साल के हो जाएंगे. जलज सक्सेना IPL 2026 के मिनी ऑक्शन में हिस्सा लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी होंगे. जलज सक्सेना ने 11 साल में IPL का सिर्फ एक ही मैच खेला है. जलज सक्सेना 2014 के IPL सीजन में मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे. इसके बाद वह 2015 IPL के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु में शामिल हो गए. जलज सक्सेना को IPL 2019 के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा था. इसके बाद साल 2020 IPL ऑक्शन से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें रिलीज कर दिया था.
705 विकेट और 9967 रन का रिकॉर्ड
फरवरी 2021 में जलज सक्सेना को IPL 2021 के ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने खरीदा था. जलज सक्सेना ने 18 अप्रैल 2021 को पंजाब किंग्स के लिए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपना IPL डेब्यू किया था. जलज सक्सेना एक ऑफ स्पिन ऑलराउंडर हैं. जलज सक्सेना को IPL में सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला, जिसमें उन्होंने 3 ओवर फेंके और 27 रन लुटाए. जलज सक्सेना ने डोमेस्टिक क्रिकेट के सभी फॉर्मेट को मिलाकर कुल 705 विकेट झटके हैं और 9967 रन बनाए हैं.
जलज सक्सेना बेहद खास खिलाड़ी
जलज सक्सेना ने 79 T20 मैचों में 709 रन बनाए हैं और 86 विकेट लिए हैं. डोमेस्टिक क्रिकेट के इस दिग्गज खिलाड़ी ने 155 फर्स्ट-क्लास मैचों में 7202 रन और 496 विकेट लिए हैं. जलज सक्सेना ने रणजी ट्रॉफी में 6000 रन बनाने और 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं. जलज सक्सेना ने 109 लिस्ट A मैचों में 2056 रन और 123 विकेट लिए हैं.
टीम इंडिया में कभी नहीं मिला मौका
जलज सक्सेना कुछ मौकों पर टीम इंडिया में जगह बनाने के करीब पहुंचे थे, जब वह इंडिया ए के लिए खेलते थे. लेकिन रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा की मौजूदगी की वजह से टेस्ट टीम में किसी और ऑफ-स्पिनर के लिए जगह नहीं थी. जलज सक्सेना ने साल 2005 में मध्य प्रदेश के साथ अपने घरेलू क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने 2016/17 सीजन से पहले अपना बेस केरल में बदल लिया. जलज सक्सेना ने नौ साल बाद केरल छोड़ दिया और अब घरेलू क्रिकेट में महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व करते हैं.