IPL 2026 Auction All Teams Purse Details: जिस पल का फैंस को लंबे अरसे से इंतजार है वो घड़ी आने वाली है. आज से 3 दिन बाद इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का मिनी ऑक्शन होगा. नीलामी का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. सभी फ्रेंचाइजियों ने अपनी रणनीति तेज कर दी है. इस बार नीलामी में 359 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी, जिनमें से केवल 72 ही टीमों में जगह बना पाएंगे. ऐसे में किस टीम के पास कितना पैसा है और कौन कितनी आक्रामक बोली लगा सकता है? यही आने वाले ऑक्शन का सबसे बड़ा सवाल है. ऐसे में आइए जानते हैं IPL 2026 में उतरने वाली सभी 10 टीमों के पर्स की पूरी जानकारी.
IPL 2026 का मिनी ऑक्शन इस बार बेहद रोमांचक होने वाला है, क्योंकि KKR और CSK भारी पर्स के साथ उतर रही हैं, जबकि मुंबई जैसी बड़ी टीम को सीमित पैसे में काम चलाना होगा.
1. कोलकाता नाइट राइडर्स- ₹64.3 करोड़ (सबसे अमीर टीम)
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) इस नीलामी में सबसे मोटे पर्स के साथ उतर रही है. टीम ने आंद्रे रसेल, वेंकटेश अय्यर, क्विंटन डिकॉक, मोईन अली, एनरिक नॉर्खिया सहित कई बड़े नामों को रिलीज कर दिया है. यही वजह है कि उसके पास सबसे ज्यादा पैसा बचा हुआ है. केकेआर नीलामी में 13 खिलाड़ी खरीदेगी. इनमें 6 विदेशी प्लेयर होंगे. इतने बड़े पर्स के साथ KKR आक्रामक खरीदारी करके ऑक्शन की सबसे खतरनाक टीम साबित हो सकती है. पैसा ज्यादा है तो जाहिर है कि केकेआर बड़े खिलाड़ियों को हाथ से जाने नहीं देना चाहेगी. इस बार फ्रेंचाइजी का सीधा मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से देखने को मिल सकता है, उनके पास भी अच्छा खासा पर्स है.
2. चेन्नई सुपर किंग्स- ₹43.4 करोड़
मेगा ऑक्शन से पहले 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने 11 खिलाड़ियों को रिलीज किया है, जिनमें राहुल त्रिपाठी, रचिन रवींद्र, दीपक हुड्डा, महीष तीक्ष्णा और कमलेश नागरकोटी जैसे नाम शामिल हैं. टीम ने राजस्थान से ट्रेड के संजू सैमसन के बदले रविंद्र जडेजा और सैम कुरेन को जाने दिया है. यही वजह है कि CSK के पास कुल 9 स्लॉट खुले हैं, जिनमें 2 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल होंगे. इतनी धनराशि के साथ यह टीम अपनी खोई चमक वापस लाने के लिए बड़े दांव खेल सकती है. देखना दिलचस्प होगा कि चेन्नई कैसे खरीदारी करेगी.
3. सनराइजर्स हैदराबाद- ₹25.5 करोड़
पैट कमिंस की कप्तानी वाली सनराइजर्स हैदराबाद ने मोहम्मद शमी को ट्रेड कर देने के बाद अपने पर्स में बड़ा पैसा जोड़ा है. इनके साथ टीम ने अभिनव मनोहर, राहुल चाहर, एडम जंपा और कई अन्य खिलाड़ियों को रिलीज किया है. SRH के पास कुल 10 स्लॉट बचे हैं, जिसमें 3 विदेशी खिलाड़ियों की दरकार है. पिछले कुछ सीजन में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था. ऐसे में हैदराबाद इस बार अपने स्क्वाड में भारी बदलाव करने की योजना पर काम कर रही है.
4. लखनऊ सुपर जायंट्स- ₹22.9 करोड़
लखनऊ सुपर जायंट्स ने नीलामी से पहले कुछ बड़े फैसले लिए हैं. टीम ने डेविड मिलर, रवि बिश्नोई, राजवर्धन हंगरगेकर और शेमार जोसेफ को रिलीज कर दिया है, जबकि ट्रेड के जरिए मोहम्मद शमी को अपने साथ जोड़कर उन्होंने गेंदबाजी को मजबूत किया है. LSG को अब कुल 6 स्लॉट भरना हैं, जिनमें 4 विदेशी खिलाड़ी शामिल किए जाने हैं.
5. दिल्ली कैपिटल्स – ₹21.8 करोड़
दिल्ली कैपिटल्स ने ऑक्शन के लिए 21.8 करोड़ रुपये का पर्स तैयार किया है. टीम ने फाफ डुप्लेसी, जैक फ्रेजर मैक्गर्क, मोहित शर्मा और दर्शन नालकंडे जैसे खिलाड़ियों को रिलीज किया है. दिल्ली के पास 8 स्लॉट खाली हैं और उनमें 4 विदेशी खिलाड़ियों को जोड़ने का विकल्प है. पिछले सीजन में उतार-चढ़ाव देखने वाली यह टीम इस बार कुछ अनुभवी नामों को शामिल करने पर जोर दे सकती है. इस बार पृथ्वी शॉ भी नीलामी में आएंग, देखना होगा कि यह टीम अपने पुराने खिलाड़ी को फिर से खरीदती है या नहीं.
6. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू- ₹16.4 करोड़
पिछली बार की चैंपियन टीम RCB ने इस नीलामी से पहले 8 खिलाड़ियों को रिलीज किया है. इनमें लियाम लिविंगस्टोन, लुंगी नगिडी, ब्लेसिंग मुजरबानी जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं. टीम के पास 16.4 करोड़ रुपये हैं और कुल 8 स्लॉट बचे हैं, जिनमें 3 विदेशी खिलाड़ी शामिल होने हैं. RCB का टारगेट है कि वो इस बार नीलामी में अच्छे खिलाड़ी लेकर अपनी बेंच स्ट्रेंथ बढ़ाए,ताकि जरूरत पड़ने पर अच्छे खिलाड़ी प्लेइंग 11 में जोड़े जाएं.
7. राजस्थान रॉयल्स- ₹16.05 करोड़
राजस्थान ने नीलामी से पहले कई बड़े फैसले लिए हैं. टीम ने संजू सैमसन को चेन्नई के साथ ट्रेड कर दिया और बदले में जडेजा तथा सैम कुरेन जैसे ऑलराउंडर को अपने स्क्वाड में जोड़ा है. RR ने वनिंदु हसरंगा, महीष तीक्ष्णा, आकाश मधवाल सहित कई खिलाड़ियों को रिलीज किया है. अब उसके पास 9 स्लॉट खाली हैं, जिनमें एक विदेशी खिलाड़ी को खरीदना है. राजस्थान इस नीलामी में कई युवा खिलाड़ियों पर दांव लगाने की तैयारी में है.
8. गुजरात टाइटन्स – ₹12.9 करोड़
गुजरात टाइटन्स के पास रकम कम है, लेकिन रणनीति मजबूत है. टीम ने शेरफेन रदरफोर्ड, महिपाल लोमरोर, दसुन शनाका और गेराल्ड कोएत्जी को रिलीज किया है. GT के पास 6 स्लॉट हैं, जिनमें 3 विदेशी खिलाड़ियों को लेना है. राशि कम होने के बावजूद गुजरात स्मार्ट बिडिंग के लिए जानी जाती है और यह टीम मध्यक्रम और पेस विकल्पों पर फोकस कर सकती है. देखना होगा ये टीम कैसे खरीदारी करेगी.
9. पंजाब किंग्स- ₹11.5 करोड़
पंजाब किंग्स पिछले सीजन कमाल के फॉर्म में थीं. उसने फाइनल तक का सफर तय किया था. वो 11.5 करोड़ के पर्स के साथ नीलामी में उतरेगी. टीम ने ग्लेन मैक्सवेल, कुलदीप सेन और प्रवीण दुबे जैसे खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया है. पर्स में केवल 11.5 करोड़ बचे हैं, जिनसे उन्हें 6 स्लॉट भरने हैं. पंजाब को सीमित राशि में ही गेमचेंजर खिलाड़ी तलाशने होंगे, जो नीलामी में चुनौतीपूर्ण काम साबित हो सकता है. यही वजह है कि इस टीम की खरीदारी देखना दिलचस्प रहने वाला है.
10. मुंबई इंडियंस – ₹2.75 करोड़ (सबसे कम पर्स)
मुंबई इंडियंस इस बार सबसे छोटे पर्स के साथ ऑक्शन में उतर रही है. टीम ने रीस टॉप्ली, अर्जुन तेंदुलकर, कर्ण शर्मा और मुजीब उर रहमान जैसे खिलाड़ियों को रिलीज किया है. MI के पास केवल 5 स्लॉट खाली हैं, जिनमें 1 विदेशी खिलाड़ी जोड़ना है. ऐसे में मुंबई की रणनीति ‘कम खर्च, ज्यादा दम’ वाली रहने वाली है, जहां टीम केवल ज़रूरत के मुताबिक खिलाड़ियों पर दांव लगाएगी.
ये भी पढ़ें: