भारतीय क्रिकेट इतिहास में बड़े-बड़े धुरंधर हुए हैं. ना सिर्फ बल्लेबाजी बल्कि गेंदबाजी में भी एक से एक बड़े रिकॉर्डधारी हुए हैं. टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ियों ने साल दर साल अपने दमदार प्रदर्शन की बदौलत खूब नाम कमाने का काम किया है. हाल ही में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की. सीरीज के दौरान टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली ने बेहद शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 2 शतक और 1 अर्धशतक जड़ने का काम किया और इसी के साथ कोहली ने अपने वनडे करियर में ओवरऑल 53 शतक ठोक दिए हैं. कोहली सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन चुके हैं, लेकिन आज हम आपको बताएंगे वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा शतक ठोकने वाले 5 भारतीय स्टार खिलाड़ियों के बारे में.
किंग कोहली नंबर 1
भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पूरे क्रिकेट जगत में वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक ठोकने वाले खिलाड़ी हैं. कोहली ने अपने करियर के दौरान अभी तक खेले 308 मैचों की 296 पारियों में 58.77 की धमाकेदार औसत से 53 शतक जड़ने का कारनामा किया है.उनके करियर का उच्चतम स्कोर 183 रनों का रहा है.
सचिन तेंदुलकर
दूसरे नंबर पर क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का नाम है. सचिन ने अपने करियर के दौरान खेले 463 वनडे मैचों की 452 पारियों में 44.89 की औसत से 49 शतक जड़ने का काम किया है. साल 2023 वनडे वर्ल्ड कप में विराट ने उनका रिकॉर्ड ध्वस्त किया था, उससे पहले सचिन काफी लंबे समय तक वनडे में सबसे ज्यादा शतक मारने के मामले में नंबर 1 पर थे.
रोहित शर्मा
रोहित ने अपने करियर के दौरान खेले 279 मैचों की 271 पारियों में 49.80 की औसत से 33 शतक जड़ने का काम किया है. रोहित 50 ओवर के फॉर्मेट में क्रिकेट जगत के सबसे बड़े नाम हैं. उन्होंने अपने करियर के दौरान कई बड़ी-बड़ी रिकॉर्डतोड़ पारियां खेली हैं. उनका सर्वोच्च स्कोर 264 रनों का रहा है, जो कि आमतौर पर एक टीम का स्कोर होता है.
सौरव गांगुली
लिस्ट में चौथे पायदान पर भारत के विस्फोटक खिलाड़ी व पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का नाम है. गांगुली को ‘दादा’ कहकर भी बुलाया जाता है. उन्होंने अपने वनडे करियर में ओवरऑल 308 वनडे मैच खेल, जिसमें उन्होंने 40.98 की औसत से बल्लेबाजी करते हुए 22 शतक ठोकने का काम किया है. गांगुली का उच्चतम स्कोर 183 रनों का रहा है.
शिखर धवन
लिस्ट में पांचवां और आखिरी नाम भारत के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज शिखर धवन का है. धवन ने अपनी तेज-तर्रार पारी खेलने के लिए जाने जाते थे. उन्होंने कम समय में ही काफी कीर्तिमान बनाएं. बात करें अगर शतकों की तो शिखर ने अपने करियर के दौरान ओवरऑल खेले 167 मैचों की 164 पारियों में 44.67 की बेहतरीन औसत से 17 शतक जड़ने का काम किया है. वहीं,उनका उच्चतम स्कोर 143 रनों का रहा है.
ये भी पढें: पावरप्ले में बल्लेबाजों का काल…,पहले 6 ओवरों में आतंक मचाने को तैयार अर्शदीप, खतरे में दिग्गज का रिकॉर्ड