T20 World Cup 2026: अगले साल पुरुष और महिला दोनों के टी20 विश्व कप होना है. सभी टीमें तैयारियों में जुटी हैं. शेड्यूल पहले ही जारी किए जा चुके हैं. अब एक्शन की बारी है. तैयारियों के बीच एक देश के लिए बड़ा झटका लगा, क्योंकि टीम की स्टार बॉलर चोटिल हो गई है. रिपोर्ट है कि शायद वो टी20 विश्व कप 2026 तक फिट नहीं होगी और उन्हें टूर्नामेंट मिस करना पड़ेगा. जो खिलाड़ी चोटिल हुई है उसका नाम ईडन कार्सन है, वो न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम के स्टार प्लेयर हैं. उनकी कोहनी में फ्रेक्चर है.
ईएसपीएन ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि न्यूजीलैंड की महिला टीम की प्रमुख ऑफ-स्पिनर ईडन कार्सन दाहिनी कोहनी की सर्जरी के कारण करीब छह महीनों तक क्रिकेट से दूर रहेंगी. उनकी चोट ने कीवी टीम की वर्ल्ड कप प्रेपरेशन पर सीधा असर डाला है, ऐसा इसिलए क्योंकि कार्सन पिछले कुछ सालों में टीम की सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में से एक बनकर उभरी थीं. उनके नाम 24 वनडे मैचों में 18 विकेट हैं, जबकि टी20 के 37 मैचों में 39 शिकार कर चुकी हैं.
ईडन कार्सन को क्या हुआ है?
अब सवाल ये है कि आखिर कार्सन को यह चोट कब और कैसे लगती थी तो जान लीजिए कि दुबई में 2025 महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप से पहले आयोजित ट्रेनिंग कैंप के दौरान उन्हें चोट लगी थी. जब जांच की गई तो पता चला कि उनकी कोहनी के लिगामेंट में आंशिक खिंचाव (Partial Ligament Rupture) है. बावजूद इसके, उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में दर्द को मैनेज करते हुए टीम के लिए खेलना जारी रखा, जिसका नतीजा ये हुआ कि अब सर्जरी के बिना आगे खेलना संभव नहीं है. सर्जरी कराने के लिए उन्होंने घरेलू सीजन मिस किया और अब 2026 में होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप से भी बाहर हो सकती हैं.
कोच ने क्या कहा?
न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम के हेड कोच बेन सॉयर के मुताबिक, सर्जरी का फैसला कार्सन के लंबे करियर को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. उन्होंने कहा कि टीम आने वाले 6 महीनों में कई अहम सीरीज खेलेगी, ऐसे में कार्सन की गैर मौजूदगी बहुत खलेगी. सॉयर ने कहा ‘ईडन का टीम में न होना बड़ा नुकसान है, खासकर टी20 वर्ल्ड कप के लिए, लेकिन वह अभी सिर्फ 24 साल की हैं और उनका भविष्य लंबा है. हमारा लक्ष्य है कि वे पूरी तरह फिट होकर मजबूती से वापसी करें.’ कोच का ये बयान बता रहे है कि वो इस चोट के कितने हैरान-परेशान हैं.
(@ESPNcricinfo) December 11, 2025
न्यूजीलैंड के सामने खिताब बचाने की चुनौती
न्यूजीलैंड की महिला टीम टी20 विश्व कप की डिफेंडिंग चैंपियन है. अब कार्सन के बाहर होने से न्यूजीलैंड की गेंदबाजी कमजोर होगी, खासकर स्पिन विभाग में उनकी जगह भरना आसान नहीं होगा. उनके बिना खिताब बचाने की चुनौती बढ़ जाएगी. अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड को इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका, वेस्ट इंडीज और क्वालिफायर-2 के साथ ग्रुप B में रखा गया है.
महिला टी20 विश्व कप 2026 कब शुरू होगी?
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला मैच 12 जून को एजबेस्टन (बर्मिंघम) में खेला जाएगा. 30 जून और 2 जुलाई को लंदन के ओवल में दोनों सेमीफाइनल होंगे, जबकि फाइनल 5 जुलाई को प्रतिष्ठित लॉर्ड्स मैदान पर होगा.
ये भी पढ़ें: 5 शतक 9 फिफ्टी 1748 रन…2025 में गेंदबाजों के लिए ‘काल’ बना ये खूंखार बल्लेबाज, शुभमन गिल को भी पछाड़ दिया