Will Virat Kohli meet Lionel Messi: भारत में इस समय स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी की लहर देखने को मिल रही है. महान खिलाड़ी की एक झलक पाने के लिए फैंस घंटों तक लाइन में लगने के लिए तैयार हैं. फैंस के साथ-साथ बड़े-बड़े सेलिब्रिटी भी मेसी से मिलना चाहते हैं. शनिवार को बॉलीवुड के ‘किंग’ शाहरुख खान ने भी अर्जेंटीना के स्टार स्ट्राइकर से मुलाकात की. अब ऐसी भी अटकलें लगाई जा रही है कि टीम इंडिया के सुपरस्टार विराट कोहली भी पत्नी अनुष्का शर्मा संग लियोनेल मेसी से मिल सकते हैं.
सोशल मीडिया पर ऐसी अटकलें इसलिए लगाई जा रही है क्योंकि भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी के भारत दौरे के शुरू होने के साथ ही भारत लौट आए हैं. शनिवार को कोहली को पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया.
लियोनेल मेसी से मिलेंगे विराट कोहली?
फैंस उस ऐतिहासिक लम्हे को देखने के लिए बेताब हैं, जब भारतीय क्रिकेट के स्टार विराट कोहली फुटबॉल जगत के सबसे बड़े सुपरस्टार लियोनेल मेसी से मिलेंगे. ये अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा या नहीं, इसपर अभी सस्पेंस बरकरार है, लेकिन अचानक लंदन से मुंबई पहुंचे कोहली को देखकर इसकी उम्मीद जताई जा रही है.
मुंबई का दौरा कब करेंगे लियोनेल मेसी?
बता दें कि लियोनेल मेसी के भारत दौरे की शुरुआत शनिवार, 13 दिसंबर को कोलकाता से हुई. स्टार फुटबॉलर 14 दिसंबर को मुंबई पहुंचने वाले हैं, जहां वो वानखेड़े स्टेडियम में अपने प्रशंसकों से मिलेंगे. प्रशंसकों का अनुमान है कि कोहली की मुलाकात दिग्गज फुटबॉल स्टार से होने वाली है, एक ऐसा मिलन जिसका लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
कोलकाता में क्यों मचा बवाल?
बता दें कि भारत में मेसी का पहला दिन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा, क्योंकि कोलकाता में उनके प्रशंसकों को अपने पसंदीदा स्टार के साथ कीमती समय बिताने का मौका नहीं मिला. हजारों लोग फुटबॉल के इस दिग्गज की एक झलक पाने के लिए सॉल्ट लेक स्टेडियम में उमड़ पड़े थे, लेकिन मेसी के कथित तौर पर दस मिनट के भीतर ही स्टेडियम से चले जाने के बाद उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा. इसके परिणामस्वरूप, सॉल्ट लेक स्टेडियम में भीड़ हिंसक हो गई और उन्होंने तोड़फोड़ शुरू कर दी.
कोहली से कितने अमीर हैं मेसी?
विराट कोहली क्रिकेट के दुनिया के ‘किंग’ हैं, लेकिन अगर उनकी लोकप्रियता और नेट वर्थ की तुलना लियोनेल मेसी से की जाए, तो स्टार क्रिकेटर उनके आगे कहीं नहीं टिकते हैं. विराट कोहली की कुल संपत्ति 1050 करोड़ रुपये (लगभग127 मिलियन डॉलर) है. वहीं, रिपोर्ट्स के मुताबिक मेसी की कुल संपत्ति 850 मिलियन डॉलर है. उनकी आय मैच फीस और बड़े स्पॉन्सरशिप से आती है, जिसमें एडिडास जैसे बड़े ब्रांड के साथ लाइफटाइम डील भी शामिल है. लियोनेल मेसी के इंस्टाग्राम पर 510 मिलियन फॉलोअर्स हैं, जबकि कोहली को इंस्टाग्राम पर 274 मिलियन लोग फॉलो करते हैं.