मंत्री बोले- निवेश और रोजगार में मध्यप्रदेश देश में आगे: छिंदवाड़ा में राकेश सिंह बोले- एमपी में निवेश देशभर में तीसरे नंबर पर आया – Chhindwara News

मंत्री बोले- निवेश और रोजगार में मध्यप्रदेश देश में आगे:  छिंदवाड़ा में राकेश सिंह बोले- एमपी में निवेश देशभर में तीसरे नंबर पर आया – Chhindwara News



छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने शनिवार को कलेक्टर कार्यालय में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक ली। बैठक में जिले के विकास कार्यों, योजनाओं की प्रगति और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

.

बैठक के बाद आयोजित पत्रकारवार्ता में मंत्री ने मध्यप्रदेश सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

निवेश और रोजगार में ऐतिहासिक उपलब्धि मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश निवेश, रोजगार, सड़क निर्माण, महिला और गरीब कल्याण जैसे क्षेत्रों में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष में निवेश आकर्षित करने के मामले में मध्यप्रदेश देश में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।

उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश में अब तक 32 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे 23 लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे। मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में उद्योग-अनुकूल नीतियों और त्वरित निर्णय प्रक्रिया का परिणाम है।

पीएम मित्र पार्क से टेक्सटाइल सेक्टर को मिलेगी नई गति मंत्री ने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा धार में पीएम मित्र पार्क का शुभारंभ किया गया है। इससे प्रदेश के टेक्सटाइल सेक्टर को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

गरीब कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता गरीब कल्याण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि गरीब कल्याण मिशन के तहत प्रदेश में कई योजनाएं प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं।उन्होंने बताया कि:

  • स्वामित्व योजना से ग्रामीणों को संपत्ति के अधिकार मिल रहे हैं।
  • मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना से असंगठित श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है।

जनजातीय क्षेत्रों में आय बढ़ाने पर विशेष फोकस मंत्री ने कहा कि जनजातीय अंचलों में तेंदूपत्ता संग्राहकों के पारिश्रमिक में वृद्धि की गई है। इससे आदिवासी परिवारों की आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है और उनका जीवन स्तर बेहतर हुआ है।

महिला एवं बाल कल्याण में प्रदेश अग्रणी महिला एवं बाल कल्याण के क्षेत्र में प्रदेश की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए मंत्री ने कहा कि आंगनवाड़ी भवन निर्माण में मध्यप्रदेश देश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है।इसके साथ ही मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को दी जाने वाली राशि बढ़ाकर 1500 रुपए प्रतिमाह कर दी गई है, जिससे महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूती मिली है।

बुनियादी ढांचे में बड़े स्तर पर निवेश लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि प्रदेश में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 48 हजार 178 करोड़ रुपए की लागत से 73 राजमार्गों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इससे आवागमन सुगम होने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

स्वच्छता और आवास योजनाओं में भी प्रगति स्वच्छता अभियान को लेकर मंत्री ने कहा कि प्रदेश के लोग पहले से अधिक जागरूक हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि 155 विधानसभा क्षेत्रों के गांवों का विभिन्न योजनाओं के लिए चयन किया गया है।प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 11 लाख से अधिक आवासों के निर्माण के साथ छिंदवाड़ा देश में पहले स्थान पर है।

वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद पत्रकारवार्ता के दौरान मंत्री ने मोहन सरकार द्वारा अब तक किए गए अन्य महत्वपूर्ण कार्यों और आगामी योजनाओं की भी जानकारी दी।इस अवसर पर कलेक्टर हरेंद्र नारायण, पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर धीरेंद्र सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव, अमरवाड़ा विधायक राजा कमलेश शाह सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



Source link