विदिशा के खाटू श्याम मंदिर में चार दिवसीय महोत्सव शुरू: पहले दिन हजारों महिलाओं ने रचाई श्याम नाम की मेहंदी, भव्य निशान यात्रा की तैयारी – Vidisha News

विदिशा के खाटू श्याम मंदिर में चार दिवसीय महोत्सव शुरू:  पहले दिन हजारों महिलाओं ने रचाई श्याम नाम की मेहंदी, भव्य निशान यात्रा की तैयारी – Vidisha News


विदिशा के वैशाली विहार स्थित खाटू श्याम मंदिर में चार दिवसीय वार्षिक महोत्सव का आयोजन शनिवार को शुरू हो गया। महोत्सव के पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और विभिन्न धार्मिक आयोजनों में शामिल हुए।

.

महोत्सव के तहत महिलाओं के लिए ‘श्याम नाम की मेहंदी’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें हजारों की संख्या में महिलाओं ने एक-दूसरे के हाथों पर श्याम बाबा के नाम की मेहंदी लगाई। मंदिर समिति ने मेहंदी सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित कर ली थीं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की एक टीम तैनात की गई है।

मंदिर समिति के सदस्य गौरव बंसल ने बताया कि यह खाटू श्याम मंदिर, वैशाली विहार का सातवां वार्षिक उत्सव है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी विविध धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं, जिनमें महिलाएं, युवा और वरिष्ठ नागरिक उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा आयोजित इस महोत्सव के तहत शनिवार को सामूहिक सत्यनारायण भगवान की कथा का आयोजन भी किया गया। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कथा के समापन के बाद सामूहिक रूप से 11 बार हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।

महोत्सव के तीसरे दिन रविवार को शहर में एक भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। हजारों की संख्या में खाटू श्याम भक्त अपने हाथों में निशान लेकर बाबा के दरबार में अर्पित करेंगे। यह निशान यात्रा डंडापुरा स्थित चिंतामणि गणेश मंदिर से प्रारंभ होगी।

श्री श्याम मित्र मंडल के अध्यक्ष घनश्याम बंसल ने बताया कि यह उत्सव भक्तों के लिए भक्ति, अध्यात्म और सामूहिक सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आगामी दिनों में भजन संध्या, प्रसादी वितरण और विशेष आरती जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

देखिए तस्वीरें…



Source link