सीएम ने अपनी ही मंत्री के झूठ की पोल खोली: पूर्व मंत्री ने कार्यकर्ता पर बरसाए मुक्के; सिंधिया के खास का दिग्विजय के बेटे से याराना – Madhya Pradesh News

सीएम ने अपनी ही मंत्री के झूठ की पोल खोली:  पूर्व मंत्री ने कार्यकर्ता पर बरसाए मुक्के; सिंधिया के खास का दिग्विजय के बेटे से याराना – Madhya Pradesh News


मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे दैनिक भास्कर ऐप पर मिलेगा।

.

सीएम ने डिप्टी सीएम देवड़ा को दो बार गृहमंत्री कहा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दो साल पूरे होने पर अपनी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बगल में बैठे डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा को दो बार गृहमंत्री कह दिया।

हालांकि ये स्लिप ऑफ टंग था, लेकिन इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। क्या ये महज एक संयोग था या कोई बड़ा संकेत। दरअसल, मोहन मंत्रिमंडल में जल्द फेरबदल की खबरें उड़ रही हैं। कहीं ऐसा तो नहीं कि सीएम ने भूल से पहले ही नए गृहमंत्री का ऐलान कर दिया है। बता दें कि अभी गृह विभाग मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पास ही है।

इधर, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सीएम ने ऐसा कुछ कह दिया कि हर कोई हैरान रह गया। दरअसल, मीडिया ने मुख्य सचिव अनुराग जैन की गैरमौजूदगी के बारे में पूछ दिया। इस पर सीएम ने पहले तो ये कहा कि थोड़ा मेरे स्वभाव में टेड़ापन है। फिर आगे कहा- जरूरी थोड़ी है कि जहां मैं बैठूं वहां सीएस बैठे। सीएस वल्लभ भवन बैठे। यहां मैं बैठा हूं, चिंता मत करो, आगे देखो।

ये कहते हुए सीएम के चेहरे पर भले ही मुस्कुराहट नजर आ रही थी। लेकिन इसके पीछे छिपा गुस्सा भी दिख रहा था।

सीएम ने अपने बगल में बैठे डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा को दो बार गृहमंत्री कहा।

कांग्रेस के प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं की हो गई फजीहत राजगढ़ में पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने अपने ही कार्यकर्ता को पीट दिया। कांग्रेस कार्यकर्ता गायों की दुर्दशा को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर रहे थे। तभी कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए। प्रियव्रत उन्हें वहां से हटने को कह रहे थे। एक कार्यकर्ता नहीं माना तो पूर्व मंत्री ने उसके ऊपर मुक्के बरसा दिए।

वहीं प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अमन अरोरा को उछाल दिया। उन्हें बैरिकेड के दूसरी ओर धकेलने की कोशिश की। हालांकि वे अपने ही ओर नीचे गिर पड़े। जिन्हें कार्यकर्ताओं ने संभाला।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर से पहले लगे गेट के बाहर भारी बल तैनात किया था। बाद में एडीएम प्रताप सिंह चौहान मौके पर पहुंचे। जिन्हें कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन दिया।

पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने अपने ही कार्यकर्ता को पीट दिया।

पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने अपने ही कार्यकर्ता को पीट दिया।

सीएम बोले- मंत्री के सगे भाई को भी पुलिस ने बंद किया मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी ही मंत्री प्रतिमा बागरी के झूठ की पोल खोल दी है। सीएम ने कहा कि मंत्री जी के सगे भाई को भी पुलिस ने बंद किया है। जबकि मंत्री प्रतिमा बागरी ने तो अपने भाई को पहचानने से ही इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा कि मीडिया कोई भी रिश्ते जोड़ देती है।

बता दें कि हाल ही में सतना में मंत्री प्रतिमा बागरी का भाई गांजा तस्करी के आरोप में पकड़ा गया था। मीडिया ने जब मंत्री से इसे लेकर सवाल किया था तो वे झल्ला उठी थी। उन्होंने कहा था कि मीडिया अपने आप से रिश्तेदार बना लेता है। मेरा अनुरोध है कि पहले आप इसकी पुष्टि कर लें।

अब जबकि सीएम ने मुहर लगा दी है कि गांजा तस्करी के आरोप में पकड़ाया शख्स मंत्री का ही भाई है तो विपक्ष और हमलावर हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि सीएम ने मंत्री प्रतिमा बागरी का इस्तीफा क्यों नहीं लिया।

सीएम ने कहा कि पुलिस ने मंत्री के सगे भाई को भी बंद किया। .

सीएम ने कहा कि पुलिस ने मंत्री के सगे भाई को भी बंद किया। .

चर्चा में सिंधिया समर्थक पूर्व मंत्री और जयवर्धन की मुलाकात सिंधिया समर्थक पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया और दिग्विजय सिंह के विधायक बेटे जयवर्धन सिंह की एक शादी में हुई मुलाकात चर्चा का विषय बन गई। राजनीतिक रूप से कट्‌टर विरोधी और अलग-अलग दल से ताल्लुक रखने वाले दोनों पूर्व मंत्री गर्मजोशी से मिले। एक-दूसरे को गले लगाया और खूब गपशप भी की।

पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने समारोह में गाना गया- तेरे जैसा यार कहां, कहां ऐसा याराना.. इस पर मंच के नीचे बैठे जयवर्धन सिंह तालियां बजाते और वाह-वाह करते नजर आए। अब लोग कह रहे हैं कि दोनों नेताओं कि ये मुलाकात सियासी शिष्टाचार ही थी या कोई नई खिचड़ी पक रही है। वैसे भी राजनीति में न कोई स्थायी दुश्मन होता है और न ही दोस्त।

एक शादी में सिंधिया समर्थक पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया और जयवर्धन सिंह गर्मजोशी से मिले।

एक शादी में सिंधिया समर्थक पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया और जयवर्धन सिंह गर्मजोशी से मिले।

इनपुट सहयोग – बृजेंद्र मिश्रा (भोपाल), विजय सिंह बघेल (भोपाल), आशीष रघुवंशी (गुना), मनीष सोनी (राजगढ़)

ये भी पढ़ें- मंत्रियों से दुखी भाजपा विधायक, कहा- इस्तीफा दे दूंगी: सिंधिया ने अपने हाथों से मंत्रियों को पहनाई पगड़ी

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने समर्थक मंत्रियों के सम्मान का ध्यान रखा। उन्हें खुद अपने हाथों से पगड़ी पहनाई। भरे मंच पर हुए इस वाकया ने सब का ध्यान खींचा। जमकर तालियां बज उठी। पूरी खबर पढ़ें..



Source link