एक गेंदबाज ने एक ही ओवर में शर्मनाक प्रदर्शन करते हुए 22 गेंदें फेंकी और 77 रन लुटा डाले. एक ओवर की वजह से उस गेंदबाज का करियर तुरंत खत्म हो गया. इस गेंदबाज ने एक ओवर में 6 गेंदों की बजाय 22 गेंदें फेंक दी, जिसकी वजह से वह क्रिकेट फैंस के लिए सबसे बड़ा विलेन बन गया. क्रिकट के इतिहास में यह किसी भी गेंदबाज का सबसे शर्मनाक प्रदर्शन है. आज हम आपको बताने जा रहे हैं उस डरावने ओवर की कहानी जिसने पूरी दुनिया को हैरान करके रख दिया.
1 ओवर में फेंकी 22 गेंद… और लुटा डाले 77 रन
न्यूजीलैंड के गेंदबाज बर्ट वेंस ने 35 साल पहले क्रिकेट इतिहास का सबसे शर्मनाक और महंगा ओवर फेंका. बर्ट वेंस ने 20 फरवरी 1990 को वेलिंगटन के लिए एक फर्स्ट क्लास मैच में खेलते हुए कैंटरबरी के खिलाफ एक ओवर में 22 गेंद फेंकी और 77 रन लुटा दिए. बर्ट वेंस ने इस ओवर में 17 नो बॉल फेंकी. बर्ट वेंस की पहली 17 गेंदों में सिर्फ एक ही बॉल लीगल थी. बर्ट वेंस ने न्यूजीलैंड के लिए अपने करियर में 4 टेस्ट में 1 अर्धशतक की मदद से 207 जबकि 8 वनडे में कुल 248 रन बनाए हैं.
इस गेंदबाज का करियर ही हो गया खत्म
वेलिंगटन और कैंटरबरी के बीच शेल ट्रॉफी के तहत खेला गया यह फर्स्ट क्लास मैच क्राइस्टचर्च के मैदान पर आयोजित हुआ था. वेलिंगटन ने कैंटरबरी को इस मैच में जीत के लिए चौथी पारी में 291 रन बनाने का टारगेट भी दिया था. हालांकि अंत में कैंटरबरी की टीम 59 ओवर में 8 विकेट गंवाकर सिर्फ 290 रन ही बना पाई. इसी के साथ ही यह मैच 1 रन से ड्रॉ हो गया. कैंटरबरी को जब 2 ओवर में जीत के लिए 95 रन चाहिए थे, तब वेलिंगटन के लिए गेंदबाजी करने आए बर्ट वेंस ने एक ओवर में 77 रन लुटा दिए.
बर्ट वेंस ने कैसे किया ये शर्मनाक प्रदर्शन?
बर्ट वेंस ने अपने 1 ओवर में 22 गेंद फेंकते हुए 0,4,4,4,6,6,4,6,1,4,1,0,6,6,6,6,6,0,0,4,0,1 रन दे डाले. कैंटरबरी के बल्लेबाज ली जर्मन ने इस एक ओवर में 70 रन बनाए. वहीं, उनके साथी बल्लेबाज रोजर फोर्ड ने 5 रन बनाए. बर्ट वेंस के एक ओवर में 77 रन लुटाने के बाद कैंटरबरी को आखिरी ओवर में जीत के लिए 18 रन की जरूरत थी. जर्मन ली ने पहली पांच गेंदों पर 17 रन बनाए, लेकिन आखिरी गेंद पर वह कोई रन नहीं बना सके और मैच ड्रॉ पर खत्म हो गया.