IPL 2026 Auction: जिस पल का फैंस को बेसब्री से इंतजार है, वो घड़ी आने वाली है. दो दिन बाद यानी 16 दिसंबर को अबू धाबी में कुल 359 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी. इनमें 246 भारतीय, जबकि 113 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं. खास बात ये है कि इन 359 खिलाड़ियों में से 114 कैप्ड प्लेयर हैं. नीलामी में कैमरून ग्रीन, लियाम लिविंगस्टोन जैसे कई स्टार खिलाड़ी उतर रहे हैं. इनमें एक स्टार भारतीय स्पिनर भी शामिल है, जिस पर सभी 10 टीमों की नजर रहने वाली है. ये कोई और नहीं बल्कि लेग स्पिनर रवि बिश्नोई हैं, जो तेज लेग-ब्रेक और घातक गुगली के दम पर बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटते हैं. 25 साल के इस 11 करोड़ी स्पिनर को लखनऊ सुपर जायंट्स ने रिलीज किया था.
रवि बिश्नोई की खासियत?
रवि बिश्नोई की उम्र अभी 25 साल है. वो राजस्थान के जोधपुर से आते हैं. उनका सबसे बड़ा हथियार सटीक लेग-ब्रेक गेंदबाजी है, जिसके दम पर इस स्पिनर ने कई बल्लेबाजों का शिकार किया है. रवि के पास घातक गुगली भी है, जो बल्लेबाजों को अक्सर धोखा दे देती है. खास बात ये है कि ये स्पिनर दबाव में डरता नहीं और एक ही टप्पे पर बॉलिंग करता है.
चेन्नई सुपर किंग्स के निशाने पर होंगे रवि बिश्नोई
अब सवाल ये है कि आखिर नीलामी में उन्हें कौन सी टीम खरीदेगी? इसका जवाब तो ऑक्शन के दौरान मिलेगा, लेकिन अब तक जो इनपुट आए हैं, उनमें ये कहा जा रहा है कि 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स की नजर इस खिलाड़ी पर है. ऐसा इसलिए क्योंकि रविंद्र जडेजा के ट्रेड के बाद चेन्नई को एक भारतीय स्पिनर की जरूरत है, जो चेपॉक के मैदान पर घातक हो सके. रवि बिश्नोई यह काबिलियत रखते हैं. यही कारण है कि CSK की टीम चेपॉक की धीमी पिच को ध्यान में रखते हुए बिश्नोई पर बड़ी बोली लगा सकती है. कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद भी अपने स्पिन डिपार्टमेंट को मजबूत करने के लिए उन पर बड़ी बोली लगा सकती हैं.
सबसे कम उम्र में 50 विकेट लेने का रिकॉर्ड
यहां गौर करने वाली बात ये है कि टी20 क्रिकेट में भारत के लिए सबसे कम उम्र में 50 विकेट लेने का रिकॉर्ड भी उनके नाम है. उन्होंने 24 साल और 37 दिन की उम्र में यह बड़ी उपलब्धि हासिल की थी. रवि पिछले कुछ सालों तक वो टीम इंडिया के अहम स्पिनर थे, लेकिन इन दिनों बाहर चल रहे हैं.
कैसा है रवि बिश्नोई का क्रिकेट करियर?
रवि बिश्नोई ने आईपीएल के 77 मैचों में 72 विकेट निकाले हैं. उनकी इकॉनमी 8.22 रही है. आईपीएल से मिली पहचान के बाद उन्होंने टीम इंडिया का सफर तय किया था. भारत के लिए वो 1 वनडे में 1 विकेट ले चुके हैं, जबकि 42 टी20 मैचों में 61 शिकार किए हैं. आखिरी बार वो 2 फरवरी 2025 को इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया के लिए खेले थे. इसके बाद से ही टीम से बाहर हैं. एशिया कप 2025 में भी उन्हें जगह नहीं मिली थी. अब आईपीएल 2026 में दमदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया में वापसी करने की पूरी कोशिश करेंगे.
ये भी पढ़ें: IND vs SA 3rd T20I: 3 शतक 3 फिफ्टी और 995 रन…तीसरे टी20 में शुभमन गिल की जगह लेगा ये खूंखार बल्लेबाज!