Last Updated:
कई सरकारी मोबाइल ऐप्स किसानों के लिए मददगार साबित हो रही हैं. इन ऐप्स के जरिए मौसम की ताजा जानकारी, फसलों में लगने वाली बीमारियां, दवाओं के नाम और सही उपाय घर बैठे मिल जाते हैं. इतना ही नहीं, उपज बेचने के लिए मंडी में लाइन लगाने की परेशानी से भी राहत मिलती है. आइए जानते हैं ऐसे 5 मोबाइल ऐप्स के बारे में, जिन्होंने किसानों का काम आसान कर दिया है.
किसान सुविधा भारत सरकार की प्रमुख ऐप है. इसमें मौसम का पूर्वानुमान, मंडी भाव, उर्वरक और बीज की उपलब्धता, फसलों में लगने वाले कीट-रोग और उनके नियंत्रण की जानकारी मिलती है. किसान अपनी फसल के अनुसार सही दवा और मात्रा की जानकारी भी इस ऐप से ले सकते हैं. यह ऐप हिंदी समेत कई भाषाओं में उपलब्ध है.

मौसम की सही जानकारी खेती के लिए बेहद जरूरी होती है. मेघदूत ऐप किसानों को उनके जिले और ब्लॉक स्तर तक मौसम की सटीक जानकारी देता है. इसमें बारिश, तापमान, हवा और नमी से जुड़ा पूर्वानुमान मिलता है, जिससे किसान बुआई, सिंचाई और छिड़काव का सही समय तय कर सकते हैं.

ई-नाम ऐप किसानों को अपनी उपज बेचने में बड़ी सुविधा देता है. इसके जरिए किसान मंडी में घर बैठे नीलामी के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं. फसलों के ताजा भाव देखने, ऑनलाइन बोली लगाने और भुगतान की स्थिति जानने की सुविधा भी इसमें मिलती है. इससे बिचौलियों पर निर्भरता कम होती है और बेहतर दाम मिलने की संभावना बढ़ती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

पीएम फसल बीमा ऐप के जरिए किसान फसल बीमा से जुड़ी पूरी जानकारी पा सकते हैं. बीमा के लिए आवेदन, प्रीमियम की जानकारी, नुकसान की सूचना और क्लेम की स्थिति भी मोबाइल से ही देखी जा सकती है. प्राकृतिक आपदा की स्थिति में यह ऐप किसानों के लिए काफी उपयोगी साबित होता है.

भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान द्वारा विकसित पूसा ऐप नई किस्मों, उन्नत खेती तकनीक, कीट-रोग प्रबंधन और आधुनिक कृषि सलाह देती है. किसान वैज्ञानिकों द्वारा सुझाए गए उपाय अपनाकर उत्पादन और आमदनी बढ़ा सकते हैं.

इन ऐप्स की सबसे बड़ी खासियत यह है कि किसान घर बैठे ही खेती से जुड़ी हर जरूरी जानकारी पा सकते हैं. समय और पैसे की बचत के साथ-साथ खेती में सही फैसले लेना आसान हो जाता है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर किसान इन ऐप्स का सही तरीके से उपयोग करें, तो खेती को ज्यादा लाभकारी बनाया जा सकता है.