मंडला जिले के टिकरिया थाना क्षेत्र में साल्हेपानी और हर्राटीकुर के बीच जंगल में शनिवार को एक चलती तूफान वाहन में आग लग गई। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस आग में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हालांकि, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
.
घटना बबलिया से लगभग 10 किलोमीटर दूर हुई। वाहन तुलसीराम पंद्राम का था, जिसे चालक ब्रजलाल पंद्राम चला रहा था। चालक साल्हेपानी स्थित अपने गृह ग्राम लौट रहा था, तभी बीजेगांव हर्राटीकुर से साल्हेपानी के बीच जंगल में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।
चालक महाराष्ट्र भ्रमण कराकर स्व-सहायता समूह की महिलाओं को बीजाड़ांडी में छोड़कर अकेला अपने घर वापस आ रहा था। चालक ने कूदकर जान बचाई, लेकिन गाड़ी में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही जनपद अध्यक्ष आशाराम भारतीया और जनपद सदस्य सुंदर लाल उर्रेती तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। जनपद अध्यक्ष भारतीया ने संबंधित पुलिस अधिकारी को घटना की जानकारी दी और उचित कार्रवाई का आग्रह किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।