Last Updated:
Lionel Messi and Sunil Chhetri: अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने मुंबई में भारत के दिग्गज फुटबॉलर सुनील छेत्री से मुलाकात की. इस दौरान मेसी ने सुनील छेत्री को 10 नंबर की जर्सी भेंट की और उन्हें गले भी लगाया. इस खास पल को देखने के लिए वानखेड़े स्टेडियम में फैंस का हुजूम था.
नई दिल्ली: GOAT इंडिया टूर पर आए अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर रविवार को मुंबई पहुंचे. मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में मेसी का भव्य इवेंट हुआ. इस इवेंट में भारतीय फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी सुनील छेत्री भी आमंत्रित थे. हजारों की संख्या में मौजूद दर्शकों के बीच मेसी और छेत्री एक-दूसरे से मिले. इस दौरान दोनों दिग्गजों ने एक-दूसरे को गले लगाया. इसके बाद मेसी ने सुनील छेत्री को 10 नंबर की जर्सी भेंट की. इस पल को देखकर स्टेडियम में मौजूद फैंस रोमांच से भर उठे.
सिर्फ सुनील छेत्री ही नहीं, इस दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने भी लियोनेल मेसी मुलाकात की. सचिन ने अपने 10 नंबर की जर्सी मेसी को भेंट की. बता दें कि मेसी के जर्सी का नंबर भी 10 है. क्रिकेट और फुटबॉल के दिग्गजों के बीच का ये संगम दर्शकों के लिए किसी अद्भुत पल से कम नहीं था. जिस तरह से लोग लियोनेल मेसी के नाम का शोर मचा रहे थे अचानक सचिन… सचिन… के नाम शोर से स्टेडियम गूंज उठा.
लियोनेल मेसी के खास क्लब में शामिल हैं छेत्री
सुनील छेत्री भारत के महानतम फुटबॉल खिलाड़ी में से एक हैं. सिर्फ इतना ही नहीं सुनील छेत्री इंटरनेशनल गोल के मामले में लियोनेल मेसी के क्लब में भी हैं. छेत्री इंटरनेशनल गोल के मामले में टॉप-5 में शामिल हैं. छेत्री ने भारत के लिए 157 मैचों में 95 गोल दागे हैं और वो दुनिया में चौथे स्थान पर हैं. सबसे ज्यादा इंटरनेशनल गोल दागने के मामले में पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो हैं जिनके नाम कुल 143 गोल दर्ज हैं. वहीं लियोनेल मेसी इस मामले में 115 गोल के साथ दूसरे स्थान पर हैं. इसके अलावा ईरान के अली देई 108 गोल के साथ तीसरे पाएदान पर हैं.
GOAT इंडिया टूर पर हैं लियोनेल मेसी
बता दें कि लियोनेल मेसी GOAT इंडिया टूर पर भारत आए हुए हैं. मेसी शनिवार देर भारत पहुंचे थे. भारत में मेसी सबसे पहले कोलकाता गए. कोलकाता पहुंचते ही मेसी के लिए एयरपोर्ट पर ही फैंस का हुजूम उमर पड़ा था. शनिवार दिन में मेसी का कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में इवेंट हुआ था. हालांकि, अव्यवस्था के कारण स्टेडियम में फैंस ने काफी बवाल किया. कोलकाता के बाद मेसी शनिवार को ही हैदराबाद पहुंचे. उसके अगले दिन रविवार को मुंबई में उनका कार्यक्रम हुआ, जहां वह सुनील छेत्री और सचिन तेंदुलकर से मिले. वहीं अब मेसी 15 दिसंबर को देश की राजधानी नई दिल्ली पहुंचेंगे. यहां पर फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में मेसी का इवेंट होगा.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें