Hardik Pandya Record: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का तीसरा मुकाबला आज शाम 7:00 बजे से धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में खेला जाएगा. पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर है. धर्मशाला में होने वाले तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या इतिहास रच देंगे. हार्दिक पांड्या एक ऐसा प्रचंड रिकॉर्ड बना देंगे, जहां अभी तक भारत का कोई भी क्रिकेटर नहीं पहुंच पाया है.
धर्मशाला टी20 में इतिहास रच देंगे हार्दिक पांड्या
धर्मशाला में आज होने वाले तीसरे टी20 मैच में हार्दिक पांड्या एक बड़ा मुकाम हासिल लेंगे. 32 साल के हार्दिक पांड्या ने 122 टी20 मैचों की 96 पारियों में 6 अर्धशतक लगाते हुए 1939 रन बनाए हैं और 99 विकेट लिए हैं. अगर धर्मशाला में हार्दिक पांड्या 61 रन बनाने और 1 विकेट लेने में कामयाब रहते हैं, तो वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 2000 रन और 100 विकेट लेने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे.
48 गेंद पर 100 पूरा, उड़ाया 1 छक्का और 16 चौके, जायसवाल ने टी20 टीम में जगह के लिए ठोका दावा
शाकिब-नबी और सिकंदर की बराबरी करने का मौका
बतौर गेंदबाज हार्दिक पांड्या टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 विकेट लेने वाले अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह के बाद भारत के तीसरे गेंदबाज भी बन सकते हैं. हार्दिक पांड्या 2000 T20I रन और 100 T20I विकेट का आंकड़ा छूते ही बांग्लादेश के पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन, अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी और जिम्बाब्वे के मौजूदा टी20 कप्तान सिकंदर रजा के एलिट क्लब में शामिल हो जाएंगे.
हार्दिक के पास सफलतम टी20 ऑलराउंडर बनने का मौका
शाकिब अल हसन ने 129 टी20 में 13 अर्धशतक की मदद से 2,551 रन बनाने के साथ ही 149 विकेट लिए हैं. मोहम्मद नबी ने 145 टी20 में 7 अर्धशतक की मदद से 2,417 रन बनाने के साथ ही 104 विकेट लिए हैं. वहीं, सिकंदर रजा ने 127 टी20 में 1 शतक और 16 अर्धशतक की मदद से 2,883 रन बनाने के अलावा 102 विकेट लिए हैं. भविष्य में हार्दिक पांड्या के पास इन तीनों को पीछे छोड़ते हुए दुनिया का सफलतम टी20 ऑलराउंडर बनने का मौका है.