नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग की पूर्व चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स मंगलवार को होने वाली मिनी नीलामी में 10 टीमों में सबसे ज्यादा पर्स (64.30 करोड़ रुपये) के साथ उतरेंगे. पिछले सीजन में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था और वे अपने 2024 के खिताब का बचाव करने के करीब भी नहीं पहुंच सके थे. ऐसे में केकेआर के पास नीलामी में कई अहम फैसले लेने होंगे क्योंकि टीम में कई जगहों पर कमी है. आइए जानते हैं कि केकेआर नीलामी टेबल पर क्या रणनीति अपना सकती है.
वेंकटेश अय्यर, आंद्रे रसेल, एनरिक नॉर्खिया और स्पेंसर जॉनसन जैसे खिलाड़ियों को नीलामी पूल में छोड़ने के बावजूद तीन बार की चैंपियन टीम का कोर अभी भी मजबूत है. सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, रिंकू सिंह और हर्षित राणा जैसे खिलाड़ियों के साथ टीम की नींव बनी हुई है. अजिंक्य रहाणे, रमनदीप सिंह, अंगकृष रघुवंशी और वैभव अरोड़ा जैसे खिलाड़ी सपोर्टिंग रोल निभा सकते हैं. केकेआर की नजर तीन विदेशी खिलाड़ियों पर होगी, जो सीधे उनकी प्लेइंग इलेवन में जगह बना सकें.
किन खिलाड़ियों को किया रिटेन:
अजिंक्य रहाणे, अंगकृष रघुवंशी, अनुकूल रॉय, हर्षित राणा, मनीष पांडे, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, रोवमैन पॉवेल, सुनील नरेन, उमरान मलिक, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती.
कैमरूम ग्रीन पर होगी नजर ?
ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन उनकी प्राथमिकता में सबसे ऊपर होंगे, क्योंकि वे रसेल की जगह लेने के लिए आदर्श साबित हो सकते हैं. अगर वे ग्रीन को टॉप ऑर्डर में फिट कर लेते हैं, तो रोवमैन पॉवेल को फिनिशर की भूमिका में इस्तेमाल कर सकते हैं, जो रसेल सालों से निभाते आए हैं.
विकेटकीपर की तलाश में केकेआर
टीम में कोई फ्रंटलाइन विकेटकीपर नहीं है, ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि क्या वे फिर से क्विंटन डिकॉक या रहमानुल्ला गुरबाज की ओर रुख करते हैं. डिकॉक का पिछला सीजन खास नहीं रहा, लेकिन हालिया फॉर्म को देखते हुए केकेआर उन्हें आजमा सकती है. अगर नहीं तो जॉनी बेयरस्टो और फिन एलेन जैसे दो विस्फोटक ओपनर भी विकल्प हो सकते हैं, जो फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अनुभवी हैं. नीलामी में इंग्लैंड के बेन डकेट को विकेटकीपर कैटेगरी में रखा गया है. बाएं हाथ के इस आक्रामक बल्लेबाज को केकेआर आजमा सकती है. अगर टीम अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों को आजमाना चाहे, तो तुषार रहेजा और कार्तिक शर्मा उनके टॉप विकल्प होंगे.
किन खिलाड़ियों पर होगी नजर ?
संभावना है कि वे वेंकटेश अय्यर को फिर से खरीदने की कोशिश करें, खासकर अगर वे कम कीमत में उपलब्ध हों, क्योंकि उनकी कहीं भी बल्लेबाजी करने की क्षमता टीम को लचीलापन देती है. विदेशी तेज गेंदबाजों में टीम की नजर मथीशा पथिराना पर हो सकती है और वे उन्हें मेंटर ड्वेन ब्रावो के साथ फिर से जोड़ना चाहेंगे. जब ब्रावो चेन्नई सुपर किंग्स के बॉलिंग कोच थे, तब पथिराना ने शानदार प्रदर्शन किया था. हाल के समय में संघर्ष कर रहे लंकाई पेसर को केकेआर में नया जीवन मिल सकता है.