IPL 2026 Auction: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन यानी आईपीएल 2026 के लिए 16 दिसंबर को मिनी ऑक्शन होगा. आज से 2 दिन बाद अबू धाबी में होने जा रही इस नीलामी का मंच तैयार है. कुल 350 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है, लेकिन सभी 10 टीमें मिलकर सिर्फ 77 खिलाड़ियों को ही खरीद पाएंगी. नीलामी में उतरे 40 ने अपना बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए रखा है. इनमें ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन का नाम भी है, जिनके साथ नीलामी से पहले बड़ा ब्लंडर हो गया. मामला इतना गड़बड़ हो गया कि उन्हें सफाई तक देनी पड़ी है.
आखिर क्या है पूरा मामला…
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन का नाम नीलामी में बल्लेबाजों की कैटेगरी में रजिस्टर था. इस पर ग्रीन ने सफाई दी है. उन्होंने बताया कि ये जानबूझकर नहीं किया गया था, बल्कि रजिस्ट्रेशन फॉर्म सबमिट करते वक्त उनके मैनेजर से गलती हो गई और गलत विकल्प चुन लिया गया. उन्होंने ये भी साफ कर दिया कि वो अगले सीजन बॉलिंग के लिए भी उपलब्ध रहेंगे.
टीमों ने ली राहत की सांस
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज के तीसरे टेस्ट से पहले एडिलेड में पत्रकारों से बात करते हुए ग्रीन ने इस पूरे मामले में सफाई दी है. उन्होंने अपना नाम ऑलराउंडर के बजाय बल्लेबाज के रूप में रजिस्टर करने के लिए अपने मैनेजर को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने बताया कि उनके मैनेजर ने गलती से गलत बटन दबा दिया था. ग्रीन ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह आईपीएल 2026 में गेंदबाजी करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. ग्रीन की इस सफाई से उन टीमों को राहत मिली है, जो नीलामी में इस ऑलराउंडर को खरीदना चाहती हैं.
ग्रीन बोले- मैनेजर से हो गई गलती
ग्रीन ने कहा ‘मैं गेंदबाजी करने के लिए तैयार हूं. मुझे नहीं पता कि मेरे मैनेजर को यह सुनना अच्छा लगेगा या नहीं, लेकिन उनकी तरफ से कुछ गलती हो गई. उनका मतलब ‘बल्लेबाज’ कहना नहीं था, मुझे लगता है कि उन्होंने गलती से गलत बॉक्स चुन लिया. यह सब जिस तरह से हुआ वह काफी मजेदार है, लेकिन वास्तव में गलती उनकी तरफ से ही हुई थी.’
ग्रीन पर लग सकती है बड़ी बोली
ये वही कैमरून ग्रीन हैं, जिन्होंने आईपीएल में पहली बार साल 2023 में कदम रखा था. तब उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया. उस सीजन ग्रीन ने गेंद-बल्ले दोनों से कमाल किया था. फिर वो आईपीएल 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम का हिस्सा बने. हालांकि 2025 में पीठ की गंभीर चोट और सर्जरी के चलते वो 2025 नहीं खेल पाए थे. अब फिट होकर वो वापस लौट रहे हैं. माना जा रहा है कि वो इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी बन सकते हैं.