घायल अखिलेश शिवहरे की हथेली और गाल पर चोट आई। कोतवाली थाने में एफआईआर कराने पहुंचा।
नर्मदापुरम के पुराने बस स्टैंड के पास रविवार रात एक बिरयानी सेंटर पर लेग पीस को लेकर विवाद हो गया। दुकानदार ने भाजपा मंडल अध्यक्ष के फुफेरे भाई (बुआ के बेटे) पर चाकू और गर्म बर्तन से हमला कर दिया। हमले में युवक के गाल पर चोट आई है और हथेली जल गई है।
.
बालागंज निवासी घायल अखिलेश शिवहरे, भाजपा मंडल अध्यक्ष सागर शिवहरे के बुआ के बेटे हैं। अखिलेश ने बताया कि वे रविवार रात करीब 8.30 बजे बिरयानी लेने गए थे। उन्होंने दुकानदार हासिम अली से बिरयानी में एक्स्ट्रा लेग पीस डालने को कहा। दुकानदार ने इसके लिए 10 रुपए एक्स्ट्रा मांगे। अखिलेश ने हामी भरते हुए 500 रुपए दे दिए। कुछ देर बाद दुकानदार ने कहा कि लेग पीस नहीं है। जब अखिलेश ने एक्स्ट्रा पैसे वापस मांगे, तो वह बहस करने लगा।
गर्मागर्म बर्तन और चाकू से किया वार
बहस बढ़ते ही दुकानदार हासिम ने पास रखा एक गर्म बर्तन और चाकूनुमा चीज से अखिलेश पर हमला कर दिया। बचाव में अखिलेश ने हाथ आगे किया, जिससे उनकी हथेली पर फफोले पड़ गए और गाल पर कट लग गया। घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और हंगामा शुरू हो गया।

घायल के साथी लोग थाने में एफआईआर के लिए मौजूद रहे।
आरोपी पर पहले से 5 केस दर्ज
सूचना मिलते ही कोतवाली टीआई कंचन सिंह ठाकुर मौके पर पहुंचीं और भीड़ को शांत कराया। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। रात 11 बजे दुकानदार हासिम अली के खिलाफ अड़ीबाजी और मारपीट का केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हासिम आदतन अपराधी है और उस पर पहले से मारपीट समेत 5 अपराध दर्ज हैं।