बैटिंग पिच पर कैसे रनों को तरसी अफ्रीका… पूर्व क्रिकेटर ने गिनाई गेंदबाजों की खूबी, हर्षित राणा की भी तारीफ

बैटिंग पिच पर कैसे रनों को तरसी अफ्रीका… पूर्व क्रिकेटर ने गिनाई गेंदबाजों की खूबी, हर्षित राणा की भी तारीफ


IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला धर्मशाला में खेला गया. यहां की पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है और इसी मैदान पर अफ्रीकी बल्लेबाज रनों की भीख मांगते दिखे. भारत ने मुकाबला 7 विकेट से आसानी से जीता. पूर्व क्रिकेटर संजय बांगर ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर तारीफ की. उन्होंने बताया कि गेंदबाजों का अनुशासित प्रदर्शन इस जीत का सबसे बड़ा कारण था. टीम के पेसर्स ने मेहमानों पर अंत तक फंदा कसकर रखा.

क्या बोले बांगर?

बांगर ने जियोस्टार पर कहा, ‘भारतीय गेंदबाजों ने बहुत ही अनुशासित प्रदर्शन किया. यह मैदान बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है और यहां दबाव भी रहता है. लेकिन, हमारे गेंदबाजों ने नई गेंद से विकेट लिए और दोनों तरफ स्विंग कराई. अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने शानदार गेंदबाजी की. जब भी उन्होंने सही लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी की है, उन्होंने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को खूब परेशान किया है.’

Add Zee News as a Preferred Source


अर्शदीप सिंह ने बनाया प्रेशर

उन्होंने आगे कहा, ‘अर्शदीप सिंह ने शुरुआत में ही रीजा हेंड्रिक्स को आउट करके शानदार रणनीति दिखाई. इसके बाद हर्षित राणा ने तेज और सटीक गेंदबाजी की, जिससे दक्षिण अफ्रीका का मध्य क्रम टूट गया. हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे ने भी अच्छी सहयोगी गेंदबाजी की. कुल मिलाकर, भारतीय गेंदबाजों ने तेज गेंदबाजों को मिली मदद का पूरा फायदा उठाया.’

ये भी पढे़ं.. संजू से आगे हैं शुभमन गिल… 2025 के आंकड़े दे रहे गवाही, फिर क्यों ट्रोल हो रहे टीम इंडिया के प्रिंस?

प्लेयर ऑफ द मैच रहे अर्शदीप

मेजबान टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जिसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मिलकर शानदार प्रदर्शन किया और दक्षिण अफ्रीका को 20 ओवर में 117 रन पर ऑल आउट कर दिया. इस दौरान अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिए. हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे ने भी एक-एक विकेट लेकर टीम की जीत में योगदान दिया. अर्शदीप सिंह को जीत का हीरो चुना गया. 



Source link