Suryakumar Yadav and Shubman Gill become villains in T20I: अगले साल टी20 विश्व कप 2026 होना है. सभी टीमें तैयारी में जुटी हैं. भारत डिफेंडिंग चैंपियन है. वो खिताब जीतने की मजबूत दावेदार भी है, लेकिन 2 खिलाड़ियों के फॉर्म ने चिंता बढ़ा दी है. ये वही खिलाड़ी हैं, जो इस फॉर्मेट में कभी मैच विनर थे, लेकिन अब लगता है उनके बल्ले को जंग लग चुकी है. जी हां…सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल. इन दोनों ही खिलाड़ियों पर फैंस गुस्सा हैं, उनसे निराश हैं और दोनों को विलेन बताकर टीम से बाहर करने की मांग पर अड़े हैं. वजह है दोनों का खराब प्रदर्शन. पिछले कुछ समय से कप्तान सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल टी20 में रनों के लिए तरस से गए हैं.
हाल में भारत ने भले ही एशिया कप 2025 जीता था, लेकिन सूर्या-गिल का खराब फॉर्म चिंता का विषय रहा. फिर ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी कप्तान सूर्या का बल्ला नहीं चला. अब घर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज के शुरुआती तीनों मैचों में ये दोनों ही खिलाड़ी फ्लॉप रहे. यही वजह है कि फैंस का गुस्सा फूट पड़ा और दोनों को टीम से बाहर करने की मांग तेज हो गई. सोशल मीडिया पर फैंस अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं. जब हम गिल-सूर्या के पिछले कुछ मैचों के आंकड़े देखते हैं तो वो शर्मनाक हैं. ये आंकड़े बताते हैं कि आखिर कैसे ये दोनों मैच विनर फैंस की नजरों में विलेन बन चुके हैं.
शुभमन गिल के आंकड़े हैरान करने वाले
टीम इंडिया के प्रिंस कहे जाने वाले शुभमन गिल टी20 में बुरे दौर से गुजर रहे हैं. उनका फॉर्म साथ नहीं दे रहा. पिछले 15 मैचों में गिल के बल्ले से सिर्फ 291 रन निकले हैं. इस दौरान उनका औसत 24.25 का रहा है. गिल ने 137.26 के स्ट्राइक रेट से ये रन जोड़े हैं. गिल कई मैचों में सिंगल डिजिट में आउट हुए, तो कुछ में अच्छी शुरुआत के बावजूद बड़ी पारी नहीं खेल सके. साउथ अफ्रीका के खिलाफ हुए तीन मैचों में वो फ्लॉप हुए हैं. यही वजह है कि उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोल भी किया जा रहा है और उनकी जगह टी20 में 3 शतक ठोक चुके संजू को मौका दिए जाने की मांग तेज है.
सूर्यकुमार के आंकड़े तो और भी हैरान कर रहे
सूर्यकुमार यादव के हाल तो शुभमन गिल से भी खराब हैं. टी20 की पिछली 21 पारियों में सूर्या ने एक भी फिफ्टी नहीं मारी. हाई स्कोर 47 रन है. उन्होंने 21 मैचों में 13.27 की घटिया औसत से सिर्फ 239 रन बनाए हैं. कई मैचों में वह सिंगल डिजिट में आउट हुए, जबकि कुछ पारियों में नाबाद रहते हुए भी मैच पर वैसा असर नहीं डाल सके, जिसके लिए वह जाने जाते हैं. यही वजह है कि कप्तान सूर्या की जगह पर सवाल खड़े हो गए हैं.
गिल-सूर्या के पास खुद को साबित करने के 2 मौके और
टीम इंडिया 2026 के विश्व कप से पहले खुद को हर मोर्चे पर परखना चाहती है. 7 फरवरी से 8 मार्च 2026 तक भारत और श्रीलंका में विश्व कप होगा. लेकिन गिल-सूर्या का फॉर्म सवालों के घेरे में है. हालांकि इन दोनों के पास साउथ अफ्रीका के खिलाफ चल रही सीरीज के आखिरी 2 मैचों में खुद को साबित करने का मौका होगा. 17 दिसंबर को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में चौथा टी20 है, जबकि 5वां मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 19 तारीख को होगा.
अभिषेक को भरोसा- जल्द फॉर्म में लौटेंगे दोनों स्टार
भले ही गिल-सूर्या को विलेन कहा जा रहा है, लेकिन टीम के तूफानी ओपनर अभिषेक शर्मा को इन दोनों पर पूरा भरोसा है. अभिषेक मानते हैं कि वक्त पर दोनों फॉर्म में लौट आएंगे और देश को विश्व कप जिताएंगे. अभिषेक ने अपने एक बयान में कहा कि, ‘मुझ पर भरोसा कीजिए, सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल वर्ल्ड कप में भारत के लिए मैच जिताएंगे, और वर्ल्ड कप से पहले होने वाले मुकाबलों में भी. मैंने इनके साथ लंबे समय से खेला है, खासकर शुभमन के साथ. मुझे अच्छी तरह पता है कि शुभमन किन परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करता है और कहां वह एक्सेल कर सकता है, सामने वाला विपक्ष कोई भी हो. मुझे उस पर पूरा भरोसा है. बहुत जल्द बाकी लोग भी उस पर वही भरोसा करने लगेंगे.’