IND vs SA T20I: इन दिनों भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज की धूम है. पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला धर्मशाला में हुआ, जिसे टीम इंडिया ने 7 विकेट से जीता. सीरीज 1-1 से बराबरी पर थी, लेकिन धर्मशाला में जीत के साथ भारत ने 2-1 से बढ़त ले ली. इस जीत ने भारत को सिर्फ सीरीज में आगे नहीं किया बल्कि टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया को एक खास लिस्ट में नंबर 1 बना दिया.
धर्मशाला टी20 जीतकर भारत टी20 इंटरनेशनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम बन गई है. इससे पहले ये रिकॉर्ड संयुक्त रूप से भारत और ऑस्ट्रेलिया के नाम था, लेकिन अब टीम 20 जीत के साथ कंगारू टीम से आगे निकल चुकी है.
20 जीत के साथ नंबर 1 बना भारत
टीम इंडिया के नाम साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 फॉर्मेट में कुल 34 मैचों में 20 जीत दर्ज हो चुकी हैं, उसे 13 मुकाबलों में हार मिली है. एक मैच बेनतीजा रहा है. इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया का नाम दूसरे नंबर पर है, जिसने 19 जीत दर्ज की थीं.
टी20 इंटरनेशनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत
- भारत- 20 जीत
- ऑस्ट्रेलिया- 19 जीत
- पाकिस्तान- 14 जीत
- वेस्टइंडीज- 14 जीत
- इंग्लैंड- 13 जीत
धर्मशाला में दिखा भारत का दबदबा
अगर हम धर्मशाला टी20 की बात करें तो भारत ने पिछले मैच की हार से सबक लेते हुए शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बना ली थी. पहले गेंदबाजी में कमाल किया और फिर बैटिंग में दम दिखाते हुए मैच जीत लिया. भारत ने अफ्रीका को 20 ओवरों में 117 रनों पर समेटा था.सटीक लाइन-लेंथ वाली बॉलिंग के सामने अफ्रीकी बैटर फ्लॉल रहे. टीम इंडिया ने 3 विकेट खोकर 15.5 ओवरों में मैच जीत लिया.
टी20 इंटरनेशनल में किसने जीते सबसे ज्यादा मैच?
इतिहास उठाकर देखें तो टीम इंडिया का टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड शानदार रहा है. भारत ने अब तक कुल 262 टी20 मुकाबले खेले, जिनमें से 180 जीते हैं और 73 में हार मिली. इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने के मामले में भारत नंबर 1 की कुर्सी पर काबिज है. फिर दूसरे नंबर पर पाकिस्तान टीम है, जिसने 287 मैचों में 166 जीत हासिल की हैं.
ये भी पढ़ें: धर्मशाला में टीम इंडिया की धूम… साउथ अफ्रीका को तीसरे टी20 में हराया, सीरीज में मिली बढ़त