आईपीएल ऑक्शन के बीच ईशान किशन का धमाका, झारखंड को SMAT के फाइनल में पहुंचाया

आईपीएल ऑक्शन के बीच ईशान किशन का धमाका, झारखंड को SMAT के फाइनल में पहुंचाया


Last Updated:

Jharkhand in SMAT Final: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के लिए ऑक्शन के बीच ईशान किशन की कप्तानी में झारखंड की टीम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में अपनी जगह बना ली है. ईशान किशन की कप्तानी में इस सीजन में झारखंड को सिर्फ एक हार मिली है.

ईशान किशन की कप्तानी में SMAT के फाइनल में झारखंड की टीम

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के लिए ऑक्शन के बीच ईशान किशन ने कमाल कर दिया. ईशान किशन ने अपनी कप्तानी में झारखंड की टीम को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के फाइनल में पहुंचा दिया है. सुपर लीग ग्रुप ए में आंध्र प्रदेश के खिलाफ मिली हार के बावजूद झारखंड की टीम फाइनल में पहुंची है, क्योंकि पॉइंट्स टेबल में वह रनरेट के मामले में आंध्र प्रदेश से आगे थी. सुपर लीग ग्रुप ए के आखिरी मैच में 397 रन बने. पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने पर आंध्र ने सात विकेट पर 203 रन बनाए और झारखंड को आठ विकेट पर 194 रन पर रोक दिया.

झारखंड प्लस 0.221 के नेट रनरेट के साथ ग्रुप में शीर्ष पर रहा जबकि आंध्र का नेट रनरेट माइनस 0.113 था. नीतिश कुमार रेड्डी ने आंध्र के लिए 22 गेंद में 45 रन बनाए और दो विकेट भी लिए. इससे पहले भारतीय टीम से बाहर चल रहे हरफनमौला खिलाड़ी वेंकटेश अय्यर ने मध्यप्रदेश के लिए प्रभावशाली अर्धशतक बनाया लेकिन पंजाब को दो विकेट से जीतने से नहीं रोक पाए. वेंकटेश ने अबुधाबी में आईपीएल की खिलाड़ियों की छोटी नीलामी से कुछ घंटे पहले यह अर्धशतक जड़ा.

पंजाब ने मध्यप्रदेश को रोमांचक मुकाबले में हराया

पंजाब के खिलाफ मुकाबले में मध्य प्रदेश की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए वेंकटेश ने 43 गेंद में आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से आठ विकेट पर 225 रन का मजबूत स्कोर बनाया. मध्यप्रदेश के लिए अय्यर ने 70 रन बनाए. हालांकि पंजाब ने युवा हरनूर सिंह की 36 गेंद में 64 रन की पारी की बदौलत 19.1 ओवर में आठ विकेट पर 226 रन बनाकर जीत दर्ज की.

वेंकटेश को गेंदबाजी में उनके कप्तान रजत पाटीदार ने केवल एक ओवर दिया जिसमें उन्होंने 12 रन दिए. दोनों टीम ने तीन मैच में एक-एक जीत दर्ज की हैं जिससे ग्रुप ए से फाइनल में जगह बनाने की दौड़ से बाहर हो गईं. अबुधाबी में आईपीएल नीलामी से कुछ घंटे पहले आए वेंकटेश ने अर्धशतक जड़कर मध्यप्रदेश को बड़े स्कोर तक पहुंचाया जो सलामी बल्लेबाज हर्ष गवली (07), हरप्रीत सिंह (27) और कप्तान पाटीदार (20) के विकेट सस्ते में गंवाने के बाद मुश्किल में था.

पंजाब के लिए युवा खिलाड़ियों ने किया कमाल

तीन विकेट 93 रन तक गंवाने के बाद 200 के स्कोर तक पहुंचना मुश्किल लग रहा था लेकिन वेंकटेश ने मैच का रुख बदल दिया. उन्होंने 17वें ओवर में आउट होने से पहले अनिकेत वर्मा (31) के साथ पांचवें विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी की. निचले क्रम के बल्लेबाज मंगेश यादव (12 गेंद पर 28 रन) और त्रिपुरेश सिंह (चार गेंद पर 11 रन) ने स्कोर 200 के पार पहुंचाया.

पंजाब ने भी कप्तान प्रभसिमरन सिंह (09) का विकेट जल्दी गंवा दिया लेकिन हरनूर और तीसरे नंबर के बल्लेबाज अनमोलप्रीत सिंह (14 गेंद पर 38 रन) ने पारी को संवारा. सलील अरोड़ा (29 गेंद पर 50 रन) ने पांच छक्कों की मदद से अर्धशतक जड़ा और अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले गए. इसके बाद रमनदीप सिंह ने नाबाद 35 रन बनाकर जीत की औपचारिकता पूरी की.

About the Author

Jitendra Kumar

अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें

homecricket

आईपीएल ऑक्शन के बीच ईशान किशन का धमाका, झारखंड को SMAT के फाइनल में पहुंचाया



Source link