आप भी पालते हैं कुत्ता-बिल्ली? जानें ठंड में कैसे रखें अपने पेट एनिमल का ख्याल

आप भी पालते हैं कुत्ता-बिल्ली? जानें ठंड में कैसे रखें अपने पेट एनिमल का ख्याल


Last Updated:

Khargone News: ठंड में पालतू जानवरों के खानपान पर भी खास ध्यान देना चाहिए. इस मौसम में उन्हें हल्का गुनगुना और पोषक आहार देना बेहतर होता है. कुत्ते और बिल्लियों के लिए भोजन में थोड़ी मात्रा में उबले चावल, सब्जियां और प्रोटीन युक्त आहार शामिल किया जा सकता है.

खरगोन. मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में इन दिनों शीतलहर का प्रकोप लगातार बना हुआ है. तापमान में आई गिरावट से जहां इंसान ठंड से ठिठुर रहे हैं, वहीं इसका असर जानवरों पर भी पड़ने लगा है. काफी संख्या में लोग घरों में कुत्ते के साथ-साथ अब बिल्ली भी पालने लगे हैं. ये पालतू जानवर ठंड के मौसम में जल्दी बीमार पड़ जाते हैं. ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही इन पेट एनिमल्स के लिए गंभीर परेशानी बन सकती है. ठंड के दौरान उनकी खास देखभाल बेहद जरूरी है. खरगोन के वेटनरी असिस्टेंट सर्जन डॉ खेमेंद्र रोकड़े लोकल 18 को बताते हैं कि ठंड में सबसे ज्यादा खतरा छोटे और कम उम्र के पेट एनिमल्स को होता है. ठंडी हवा, गीला फर्श और खुले में सोने से उन्हें सर्दी, खांसी, बुखार और सांस से जुड़ी दिक्कत हो सकती है, इसलिए सबसे पहले उनके रहने की जगह को सुरक्षित और गर्म बनाना जरूरी है. जानवरों को खुले आंगन या छत पर न सुलाएं. उनके लिए घर के अंदर सूखी और हवा से बची हुई जगह की व्यवस्था करें. फर्श पर मोटा कपड़ा, दरी या गद्दा बिछाना फायदेमंद रहता है.

वह बताते हैं कि ठंड में पेट एनिमल्स के खानपान पर भी खास ध्यान देना चाहिए. इस मौसम में जानवरों को हल्का गुनगुना और पोषक आहार देना बेहतर होता है. डॉग और कैट के लिए भोजन में थोड़ी मात्रा में उबला हुआ चावल, सब्जियां और प्रोटीन युक्त आहार शामिल किया जा सकता है. ठंडा खाना या फ्रिज से निकला भोजन देने से बचें. साथ ही पानी भी बहुत ठंडा न दें. हल्का गुनगुना पानी उनकी सेहत के लिए बेहतर रहता है.

नहलाने को लेकर भी सावधानी जरूरी
एक्सपर्ट का कहना है कि शीतलहर के दौरान नहलाने को लेकर भी सावधानी जरूरी है. ठंड में जानवरों को बार-बार न नहलाएं. यदि नहलाना जरूरी हो, तो धूप वाले समय में गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें और नहलाने के बाद तुरंत तौलिये से अच्छी तरह सुखाएं. गीले बाल ठंड लगने की सबसे बड़ी वजह बनते हैं. डॉग और कैट को हल्के स्वेटर या जैकेट भी पहनाई जा सकती है लेकिन ध्यान रखें कि कपड़े साफ और आरामदायक हों.

ठंड से बचाने के घरेलू उपाय
उन्होंने कहा कि घरेलू उपायों की बात करें, तो ठंड से बचाव के लिए हल्की मालिश भी फायदेमंद मानी जाती है. सरसों या नारियल तेल की हल्की मालिश से शरीर में गर्माहट बनी रहती है. हालांकि किसी भी तरह की दवा या घरेलू नुस्खा अपनाने से पहले पशु चिकित्सक की सलाह लेना जरूरी है. अगर जानवर में लगातार सुस्ती, भूख न लगना, खांसी या नाक बहने जैसे लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.

घर पर गर्म कपड़े कैसे तैयार करें?
पशु चिकित्सक के अनुसार, ठंड से बचाने के लिए पेट एनिमल्स को गर्म कपड़े पहनाना भी जरूरी है, खासकर छोटे और कम उम्र के जानवरों को इसकी बेहद जरूरत होती है. आजकल बाजार में डॉग, कैट जैसे पशुओं के लिए गर्म कपड़े उपलब्ध हैं लेकिन आप चाहें तो बाजार से महंगे कपड़े खरीदना जरूरी नहीं है. घर में रखे पुराने स्वेटर, टी-शर्ट या ऊनी कपड़ों से आसानी से पेट एनिमल्स के लिए जैकेट या स्वेटर बनाए जा सकते हैं. पुराने स्वेटर की आस्तीन काटकर डॉग के शरीर के अनुसार साइज बना लें और पैरों के लिए हल्का सा कट लगा दें. इसी तरह मुलायम कपड़े से बिल्लियों या अन्य जानवरों के लिए हल्का कवर तैयार किया जा सकता है. ध्यान रखें कि कपड़े बहुत टाइट न हों और जानवरों को चलने-फिरने में परेशानी न हो.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.

homelifestyle

आप भी पालते हैं कुत्ता-बिल्ली? जानें ठंड में कैसे रखें अपने पेट एनिमल का ख्याल

Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.



Source link