IPL 2026 Mini Auction: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शहर में अबूधाबी में आज 350 खिलाड़ियों में से सिर्फ 77 क्रिकेटर्स की किस्मत खुल सकती है. IPL के इस मिनी ऑक्शन में कुल 350 क्रिकेटर्स पर बोली तो लगेगी, लेकिन सिर्फ 77 खिलाड़ी ही खरीदे जा सकते हैं. इन 77 खिलाड़ियों में से 31 स्लॉट विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं. एक आईपीएल फ्रेंचाइजी अपने स्क्वाड में सिर्फ ज्यादा से ज्यादा 25 क्रिकेटर्स को रख सकती है. वहीं, हर आईपीएल टीम के स्क्वाड में खिलाड़ियों की संख्या 18 से कम नहीं होनी चाहिए.
हर IPL टीम के स्क्वाड में कितने विदेशी रखने की लिमिट?
BCCI के नियमों के मुताबिक IPL की हर टीम अपने स्क्वाड में ज्यादा से ज्यादा सिर्फ 8 विदेशी खिलाड़ियों को शामिल कर सकती है. एक फ्रेंचाइजी 8 विदेशी खिलाड़ियों को साइन कर सकती है, लेकिन किसी भी मैच की प्लेइंग 11 में सिर्फ चार विदेशी खिलाड़ी ही खेल सकते हैं. यही वजह है कि आईपीएल टीमें ऑक्शन में ज्यादातर उन विदेशी खिलाड़ियों पर दांव लगाती हैं, जो पूरे सीजन के लिए उपलब्ध हो और किसी भी मुश्किल हालात में अकेले दम पर मैच जिताने की क्षमता रखता हो.
विदेशी खिलाड़ियों को IPL ऑक्शन में 18 करोड़ से ज्यादा नहीं मिलेंगे
BCCI के जिस नियम ने लोगों को सबसे ज्यादा हैरान किया है, वह है IPL ऑक्शन में किसी भी विदेशी खिलाड़ी को ज्यादा बोली लगने के बावजूद भी 18 करोड़ से अधिक नहीं मिलेंगे. उदाहरण के तौर पर अगर किसी विदेशी खिलाड़ी पर ऑक्शन में 25 करोड़ रुपये की बोली लगती है तो फिर भी उसे 18 करोड़ रुपये ही मिलेंगे. जबकि बाकी के 7 करोड़ रुपये BCCI के प्लेयर्स वेलफेयर फंड में जाएंगे. बता दें कि इस नियम के दायरे में भारतीय क्रिकेटर नहीं आते हैं. अगर किसी भारतीय खिलाड़ी पर ऑक्शन में 25 करोड़ रुपये की बोली लगती है तो उसे पूरे 25 करोड़ रुपये ही मिलेंगे.
कब शुरू होगी आईपीएल 2026 की नीलामी?
आईपीएल 2026 सीजन के लिए मिनी ऑक्शन का लाइव टेलीकास्ट आज दोपहर 2:30 बजे से जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा. ऑक्शन में खिलाड़ियों को बल्लेबाज, गेंदबाज, ऑलराउंडर और विकेटकीपर बल्लेबाज जैसी कैटेगरी में बांटा गया है और हर खिलाड़ी एक तय बेस प्राइस के साथ ऑक्शन में आएगा. IPL 2026 मिनी ऑक्शन में कोई राइट टू मैच (RTM) ऑप्शन उपलब्ध नहीं होगा. मिनी ऑक्शन की फाइनल लिस्ट में 350 खिलाड़ी हैं, जिनमें 240 भारतीय क्रिकेटर और 110 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं. हालांकि ऑक्शन में सिर्फ 77 खिलाड़ी ही खरीदे जा सकते हैं.