नई दिल्ली. भारतीय अंडर 19 टीम के मिडिल आर्डर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू ने मंगलवार, 16 दिसंबर को मलेशिया के खिलाफ एक ऐसी पारी खेली जो इतिहास के पन्ने में दर्ज हो गया. U19 पुरुष एशिया कप में अभिज्ञान डबल सेंचुरी जमाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने पाकिस्तान के ओपनर समीर मिन्हास 177 रन के रिकॉर्ड को तोड़ डाला. दुबई के सेवेंस स्टेडियम में 17 साल के कुंडू यूथ वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज और पहले भारतीय बन गए. इससे पहले इसी साल दक्षिण अफ्रीका के जोरिच वैन शाल्कविक ने यह कारनामा किया था और अब कुंडू भी इस खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं.
ग्रुप ए के मुकाबले में कुंडू ने 125 गेंद में 209 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 17 चौके और 9 छक्के शामिल थे. भारत ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 408 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. कुंडू ने यूथ वनडे में किसी भारतीय बल्लेबाज का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी बनाया. उन्होंने अंबाती रायुडू के 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ टॉनटन में बनाए नाबाद 177 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.
17 साल के अभिज्ञान कुंडू ने अंडर 19 एशिया कप में बनाया दोहरा शतक
यूथ वनडे में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर:
जोरिच वैन शाल्कविक (दक्षिण अफ्रीका U19) – 215 बनाम जिम्बाब्वे U19, हरारे, 25 जुलाई 2025
अभिज्ञान कुंडू (भारत U19) – 209* बनाम मलेशिया, दुबई, 16 दिसंबर 2025
हसीथा बोयागोडा (श्रीलंका U19) – 191 बनाम केन्या U19, लिंकन, 23 जनवरी 2018
जैकब भुला (न्यूजीलैंड U19) – 180 बनाम केन्या U19, क्राइस्टचर्च, 17 जनवरी 2018
थियो डोरोपोलोस (ऑस्ट्रेलिया U19) – 179* बनाम इंग्लैंड U19, सिडनी, 11 फरवरी 2003
अंबाती रायुडू (भारत U19) – 177* बनाम इंग्लैंड U19, टॉनटन, 30 अगस्त 2002
डोनोवन पैगन (वेस्टइंडीज U19) – 176 बनाम स्कॉटलैंड U19, डुनेडिन, 21 जनवरी 2002
डैन लॉरेंस (इंग्लैंड U19) – 174 बनाम फिजी U19, चटगांव, 27 जनवरी 2016
कौन हैं अभिज्ञान कुंडू?
अभिज्ञान कुंडू एक प्रतिभाशाली विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं. उनका जन्म 30 अप्रैल 2008 को हुआ था. वह राज्य स्तर पर मुंबई का प्रतिनिधित्व करते हैं. कुंडू ने दक्षिण अफ्रीका के जोरिच वैन शाल्कविक का रिकॉर्ड (145 गेंदों में) तोड़ते हुए अंडर-19 वनडे में सबसे तेज दोहरा शतक बनाया. कुंडू का 209 रन अंडर-19 वनडे के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है, जो वैन शाल्कविक के जिम्बाब्वे के खिलाफ 215 रन के बाद आता है. उनके सभी रिकॉर्ड गिने नहीं जाएंगे क्योंकि उन्होंने यह उपलब्धि एसोसिएट नेशन के खिलाफ हासिल की है. उनकी इस पारी की बदौलत भारत अंडर-19 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 408 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया.
अभिज्ञान ने डबल सेंचुरी जमाने के बाद क्या कहा
अपनी पारी के बाद कुंडू ने कहा कि वह नॉकआउट स्टेज में भी इसी फॉर्म को बरकरार रखना चाहते हैं और आगे भी बड़ी पारियां खेलना चाहते हैं. कुंडू ने मिड-इनिंग ब्रेक में कहा, “जैसे-जैसे हम नॉकआउट स्टेज की ओर बढ़ रहे हैं, मेरा एक ही लक्ष्य रहेगा कि हर मौके को बड़े स्कोर में बदलूं. यही मेरी सोच आगे रहेगी.”