Who is Ashok Sharma: आईपीएल 2026 के लिए हुए मिनी ऑक्शन में कई युवा अनकैप्ड खिलाड़ियों की किस्मत चमकी. इस लिस्ट में 23 वर्षीय गेंदबाज अशोक शर्मा का नाम शामिल है. अशोक घरेलू क्रिकेट में राजस्थान के लिए खेलते हैं और फिलहाल टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बल्लेबाजों के लिए काल बने हुए हैं. 150 KMPH की रफ्तार से गेंद डालने की काबिलियत रखने वाले अशोक शर्मा को आईपीएल 2026 ऑक्शन में गुजरात टाइटंस ने 90 लाख में खरीदा.
सोशल मीडिया पर फैंस गुजरात टाइटंस के इस सौदे को देखकर बेहद खुश हैं. बता दें कि अशोक शर्मा का आईपीएल खेलने का ख्वाब अभी तक पूरा नहीं हुआ है, लेकिन वो कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के नेट बॉलर की भूमिका निभा चुके हैं.
कौन हैं अशोक शर्मा?
राजस्थान के 23 वर्षीय तेज गेंदबाज अशोक शर्मा पिछले 1-2 सालों में तेजी से उभरकर सामने आए हैं. अशोक शर्मा ने मौजूदा 2025 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में विकेट लेने वालों की सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया है, उन्होंने अब तक 8 मैचों में 20 विकेट लिए हैं, जिसमें 4/16 के सर्वश्रेष्ठ आंकड़े शामिल हैं. वो लगातार 140 किमी/घंटे से अधिक की रफ्तार से गेंद फेंकते हैं. वहीं, उन्होंने डोमेस्टिक क्रिकेट में 150 KMPH की स्पीड से भी गेंद डाली है. फैंस की माने तो अशोक शर्मा जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज उमरान मलिक से भी ज्यादा खतरनाक हैं.
— Gujarat Titans (@gujarat_titans) December 16, 2025
200% अधिक सैलरी में बिके
अशोक शर्मा को राजस्थान रॉयल्स ने 2025 में 30 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन अगले सीजन से पहले उन्हें रिलीज कर दिया. शानदार प्रदर्शन कर रहे अशोक पर अब गुजरात टाइटंस ने बड़ा दांव खेला है और उन्हें 200 प्रतिशत अधिक सैलरी यानी 30 लाख से बढ़कर अब 90 लाख में खरीदा है.
कैमरून ग्रीन और पथीराना का ऑक्शन में धमाका
आईपीएल 2026 के लिए हुए मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स की झोली में सबसे ज्यादा पैसे थे. KKR ने दो खिलाड़ियों पर छप्पड़ फाड़ पैसा बरसाया और अपने पर्स से 43.20 करोड़ रुपये इन्हीं दो पर लुटा दिए. ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को 25.20 करोड़ और श्रीलंका के डेथ स्पेशलिस्ट बॉलर मथीसा पथिराना को 18 करोड़ रुपये में खरीदा.