भारत का एक क्रिकेटर ऐसा है जो टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया के लिए डेब्यू कर चुका है. हालांकि वह पिछले लगभग 5 साल से भारतीय टीम में वापसी के लिए तरस रहा है. इस क्रिकेटर के पिता दिहाड़ी मजदूरी करते थे और मां सड़क किनारे मछली बेचती थी. दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करने के लिए इस क्रिकेटर के परिवार को बहुत मेहनत करनी पड़ती थी. अचानक आईपीएल ने इस क्रिकेटर और उसके परिवार की किस्मत बदल दी. IPL में करोड़पति बनकर इस क्रिकेटर की जिंदगी बदल गई थी, लेकिन अब ये खिलाड़ी गुमनामी की जिंदगी जी रहा है.
भारत का अभागा क्रिकेटर
जी हां, हम बात कर रहे हैं भारतीय टीम के तेज गेंदबाज टी नटराजन की. तमिलनाडु के सलेम जिले के पास चिन्नाप्पमपट्टी गांव में टी नटराजन जन्मे थे. टी नटराजन का परिवार पहले बहुत गरीब हुआ करता था और दो वक्त की रोटी के लिए उनके माता व पिता को बहुत संघर्ष करना पड़ता था. टी नटराजन के पिता एक साड़ी की फैक्ट्री में दिहाड़ी मजदूरी करते थे. वहीं, उनकी मां सड़क के किनारे मछली बेचती थी. साल 2017 में टी नटराजन की जिंदगी में एक ऐतिहासिक मोड़ आया जब पंजाब किंग्स (तब किंग्स इलेवन पंजाब) की टीम ने उन्हें 3 करोड़ रुपये में खरीदा था.
करोड़पति बनकर आर्थिक स्थिति सुधर गई
करोड़पति बनकर टी नटराजन और उनके परिवार की आर्थिक स्थिति सुधर गई. टी नटराजन श्रीलंका के दिग्गज तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा और भारत के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह जैसी ही घातक यॉर्कर गेंदें मारते हैं. IPL में शानदार प्रदर्शन की बदौलत टी नटराजन ने साल 2020-2021 के ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर तीनों फॉर्मेट्स में टीम इंडिया के लिए ‘ड्रीम डेब्यू’ किया था. टी. नटराजन करीब 5 साल से टीम इंडिया से बाहर हैं. सेलेक्टर्स ने इस खिलाड़ी को दूध में से मक्खी की तरह टीम इंडिया से निकाल बाहर फेंका.
5 साल से टीम इंडिया से बाहर
टी. नटराजन आखिरी बार मार्च 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टी20 और वनडे सीरीज में खेलते नजर आए थे. इस सीरीज के बाद टी. नटराजन को सेलेक्टर्स ने पूछा तक नहीं है. टी. नटराजन को अब भी टीम इंडिया में वापसी की उम्मीद है, लेकिन सेलेक्टर्स की सोच क्या है, उसे कोई नहीं जानता. टी. नटराजन ने भारत के लिए 1 टेस्ट मैच, 4 टी20 इंटरनेशनल मैच और 2 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं. टी. नटराजन ने टेस्ट में 3 विकेट, टी20 इंटरनेशनल में 7 विकेट और वनडे इंटरनेशनल में 3 विकेट झटके हैं. टी. नटराजन फिलहाल IPL में दिल्ली कैपिटल्स टीम का हिस्सा हैं और उन्हें 10.75 करोड़ रुपये की सैलरी मिलती है. टी. नटराजन 63 आईपीएल मैचों में 67 विकेट हासिल कर चुके हैं.