Last Updated:
Who is Kartik Sharma: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के लिए मिनी ऑक्शन में कार्तिक शर्मा को चेन्नई सुपर किंग्स ने मलामाल कर दिया. 19 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक 30 लाख के बेस प्राइस पर ऑक्शन में आए थे, लेकिन उन्हें 14 करोड़ से ज्यादा की रकम मिली है.
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के लिए मिनी ऑक्शन में 19 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक शर्मा पर चेन्नई सुपर किंग्स ने पैसों की बारिश कर दी. कार्तिक ऑक्शन में 30 लाख के बेस प्राइस पर आए थे, लेकिन कार्तिक के लिए मुंबई इंडियंस, लखनऊ सुपरजायंट्स, कोलकाता नाइटराइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच लंबी बिडिंग वॉर चली. हालांकि सीएसके की टीम ने इस युवा खिलाड़ी को उनके बेस प्राइस से करीब 48 गुना ज्यादा पैसा देकर अपनी टीम के साथ जोड़ लिया. इस तरह प्रशांत वीर के साथ कार्तिक शर्मा आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड प्लेयर बन गए हैं.
बता दें कि ऑक्शन में जैसे ही कार्तिक का नाम आया है सबसे पहली बोली पहली बोली मुंबई इंडियंस की तरफ से लगी. आकाश आंबानी जिस तरह कार्तिक के लिए बिड कर रहे थे उससे साफ था कि वह कार्तिक को वह अपनी टीम में शामिल करना चाहते थे, लेकिन लखनऊ ने बोली आगे बढ़ाकर मुंबई को हटने के लिए मजबूर कर दिया.
सीएसके और सनराइजर्स में हुई आखिरी टक्कर
सबसे कम पर्स के साथ ऑक्शन में उतरी मुंबई के हटते ही कार्तिक के लिए केकेआर की टीम ने एंट्री मार ली. कार्तिक के लिए केकेआर और लखनऊ के बीच लंबी बिडिंग के बाद चेन्नई सुपर किंग्स नीलामी कूद पड़ी. सीएसके और केकेआर के बीच ये बिडिंग 13 करोड़ तक पहुंच गई. 13 करोड़ की बड़ी रकम पर कार्तिक सीएसके के लगभग हो चुके थे कि आखिरी पल में सनराइजर्स हैदराबाद की एंट्री हो गई.
सनराइजर्स ने भी करीब 2 करोड़ 10 लाख तक की बोली लगाई, लेकिन आखिर में टीम ने पीछे हटने का फैसला किया. सनराइजर्स के पीछे हटते ही 14.20 करोड़ के साथ कार्तिक शर्मा चेन्नई सुपर किंग्स के हो गए. इस तरह कार्तिक अब टीम में महेंद्र सिंह धोनी और संजू सैमसन के साथ तीसरे भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं.
घरेलू क्रिकेट में कैसा है कार्तिक का रिकॉर्ड
कार्तिक शर्मा राजस्थान के लिए घरेलू क्रिकेट में खेलते हैं. उनके घरेलू क्रिकेट के करियर को देखें तो वह शानदार है. कार्तिक राजस्थान के लिए 8 फर्स्ट क्लास, 9 लिस्ट ए और 12 टी20 मैचों में मैदान पर उतरे हैं. फर्स्ट क्लास में कार्तिक ने तीन शतकीय पारी के साथ 479 रन बनाए हैं. वहीं लिस्ट ए में उन्होंने 445 रन बनाए, जिसमें 2 शतक और 2 अर्धशतक है, जबकि टी20 में उनके नाम 334 रन है. इस फॉर्मेट में उन्होंने 2 फिफ्टी लगाई है.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें