उज्जैन में मंगलवार–बुधवार की दरमियानी रात इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। सर्द हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान गिरकर 8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा।
.
इससे पहले 11 दिसंबर को रात का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि बीती रात तापमान और गिरकर 8 डिग्री पर आ गया। ठंड का असर दिन के तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि दो दिन पहले 14 दिसंबर को अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
कुछ दिन ठंडा बना रहेगा मौसम
उज्जैन स्थित जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक राजेंद्र गुप्त ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और वहां से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण मैदानी क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह ठंडा बना रहने की संभावना है।