पुलिसकर्मी ने इस तरह पीछा कर बदमाशों को पकड़ा है।
ग्वालियर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद है कि अब वे पुलिस से भी हाथापाई, मारपीट और धमकाने से पीछे नहीं है रहे हैं। बुधवार को अवैध हथियार लेकर घूम रहे दो अपराधियों का पीछा करते हुए पुलिस की भिड़ंत अपराधियों से हो गई।
.
इस दौरान बदमाश पुलिसकर्मी के साथ उलझ गया और उसके साथ हाथापाई कर मारपीट करने लगा मौके पर खासी भीड़ जमा हो गई सभी के सामने अपराधी पुलिसकर्मी को धमकाते हुए बोला ‘अब तू मरेगा और मैं खुलकर कह रहा हूं मैं तुझे मारूंगा‘ इसके बाद मौके पर वर्दी धारी पुलिस पहुंची तब जाकर बदमाश पर काबू पाया गया। घटना पड़ाव थाना क्षेत्र की है।
दरअसल, पड़ाव थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दो अपराधी अशोक जाटव और विजय उर्फ भेंड़ा हथियार लेकर घूम रहे हैं और कभी भी किसी वारदात को अंजाम दे सकते हैं क्योंकि दोनों ही आदतन अपराधी भी हैं। इन पर कई मामले दर्ज भी हैं।
कॉन्स्टेबल शिव कुमार से बहस करते हुए बदमाश।
पुलिस को देख भागने लगे, आधे घंटे बाद पकड़ाए सूचना मिलते ही पड़ाव थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव ने टीम गठित कर एसआई रोहित चौधरी, हेड कॉन्स्टेबल सुदीप और काॅन्स्टेबल शिव कुमार को अपराधियों का पीछा करने के लिए भेजा गया। इसकी भनक अपराधियों को भी लग चुकी थी।
वह तत्काल पुलिस को आता देख मौके से भागने लगे। लगभग आधा घंटे पीछा करने के बाद शिंदे की छावनी पेट्रोल पंप के पास हड़बड़ाहट में अपराधियों की गाड़ी फिसल गई जिन्हें पीछा कर रही पुलिस टीम ने धर दबोचा।
जब बदमाश को पकड़ा तो वह विवाद करते हुए आरक्षक के साथ हाथापाई करने लगा। इस दौरान उसने आरक्षक का गिरेबान भी पकड़ लिया। आरक्षक सादा वर्दी में था, इसी को देखते हुए बदमाश धमकाते हुए बोला कि ‘यह तू गलत कर रहा है तू मरेगा और मैं खुलकर कह रहा हूं कि मैं तुझे मारूंगा।’

मौके पर जमा हो गई लोगों की भीड़ बदमाश और पुलिस के बीच होती हाथापाई को देख मौके पर भीड़ भी जमा हो गई। जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने भागने की कोशिश भी की। वह निरंतर खुद को छुड़ाने की कोशिश करता रहा लेकिन पुलिस टीम ने दोनों को पकड़े रखा।
मौके पर भीड़ ने भी सवाल जवाब करना शुरू कर दिया था। हालांकि, कुछ ही देर में वर्दी धारी टीम मौके पर पहुंची तो बदमाशों को गिरफ्तार कर थाने ले गई।
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों से अवैध कट्टा और राउंड बरामद किया है। उनकी बाइक MP07-ZR2823 को भी जब्त कर लिया है।
