IPL 2026 के मिनी ऑक्शन के दौरान मंगलवार को अबू धाबी में 5 विदेशी क्रिकेटरों पर जमकर पैसों की बारिश हुई है. IPL टीमों ने इन सिर्फ 5 विदेशी खिलाड़ियों पर 74 करोड़ रुपये लुटा दिए. कुल मिलाकर आईपीएल 2026 के इस मिनी ऑक्शन में 77 खिलाड़ियों को खरीदा गया, जिसमें 29 विदेशी खिलाड़ी शामिल थे. इन सभी खिलाड़ियों पर कुल 215.45 करोड़ रुपये खर्च हुए. आइए एक नजर डालते हैं उन 5 विदेशी खिलाड़ियों पर जिनपर IPL टीमों ने मिनी ऑक्शन में 74 करोड़ रुपये पानी की तरह बहा दिए.
1. कैमरन ग्रीन (25.20 करोड़)
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 25.20 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा. इसी के साथ वह आईपीएल नीलामी के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए. कैमरन ग्रीन ने मुंबई इंडियंस की तरफ से आईपीएल 2023 में 16 मैच खेले, जिसमें 1 शतक के साथ 452 रन बनाए. इसके बाद अगले सीजन में आरसीबी की तरफ से खेलते हुए 255 रन जुटाए. कैमरन ग्रीन ने अपने आईपीएल करियर में अभी तक 29 मैच खेले हैं और 41.59 की औसत से 707 रन बनाए हैं. कैमरन ग्रीन ने आईपीएल में अभी तक एक शतक और दो अर्धशतक जमाए हैं. कैमरन ग्रीन का आईपीएल में हाईएस्ट स्कोर 100 रन है. कैमरन ग्रीन ने इसके अलावा गेंदबाजी करते हुए अपने आईपीएल करियर की 29 पारियों में अभी तक 16 विकेट चटकाए हैं.
2. मथीशा पथिराना (18 करोड़)
श्रीलंका के 22 वर्षीय तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना का बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए था, उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने 18 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा. इस तेज गेंदबाज ने आईपीएल करियर में पिछले चार सीजन चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेले, जिसमें 32 मुकाबलों में 47 विकेट हासिल किए.
3. लियाम लिविंगस्टोन (13 करोड़)
इंग्लैंड के लेग स्पिन ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन को IPL 2026 के मिनी ऑक्शन के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद ने 13 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा. लियाम लिविंगस्टोन आईपीएल करियर में तीन टीमों की तरफ से कुल 49 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 26.27 की औसत के साथ 1,051 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 7 अर्धशतक निकले. लियाम लिविंगस्टोन आईपीएल में 13 विकेट हासिल कर चुके हैं. लियाम लिविंगस्टोन वनडे इंटरनेशनल में 25 विकेट, टी20 इंटरनेशनल में 33 विकेट और आईपीएल में 13 विकेट हासिल कर चुके हैं.
4. मुस्तफिजुर रहमान (9.20 करोड़)
बांलादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा है. मुस्ताफिजुर रहमान का बेस प्राइज महज 2 करोड़ रुपये था. यह खिलाड़ी आईपीएल करियर में अब तक सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेल चुका है. इस दौरान उन्होंने 60 IPL मुकाबलों में 28.44 की औसत के साथ 65 विकेट हासिल किए.
5. जोश इंग्लिश (8.60 करोड़)
लखनऊ सुपर जायंट्स ने 8.60 करोड़ रुपए में ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिश को अपने साथ जोड़ा. आईपीएल 2025 में जोश इंग्लिश ने इस लीग में डेब्यू किया था. जोश इंग्लिश ने अपने पहले सीजन में पंजाब किंग्स की तरफ से 11 IPL मैच खेलते हुए 30.88 की औसत के साथ 278 रन बटोरे.