Last Updated:
Amrood Khane ke Fayde: सर्दी में बाजार में आपको तरह तरह के फल नजर आएंगे, लेकिन इन सब में सबसे फायदेमंद है अमरूद. इसे अगर आप काला नमक के साथ खाएं तो इसका स्वाद दोगुना हो जाएगा.
शिवपुरी: सर्दियों का मौसम आते ही बाजारों में एक खास फल नजर आने लगता है, जिसे ग्रामीण इलाकों में लोग बड़े चाव से खाते हैं. हम बात कर रहे हैं जामफल यानी अमरूद की. अगर आप भी इस फल के फायदों के बारे में जानने के इच्छुक हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद खास है. बताया जाता है कि जामफल खाने से शरीर को करीब 10 से अधिक फायदे होते हैं. यह फल खासतौर पर सर्दियों के मौसम में ही आसानी से मिलता है और लोगों का मानना है कि इसे सही तरीके से खाया जाए तो कई बीमारियों में राहत मिलती है.
ग्रामीण क्षेत्रों में अमरूद का काफी चलन है. लोग इसे कच्चा, पका या फिर भूनकर खाना पसंद करते हैं. खास बात यह है कि जब अमरूद को भूनकर खाया जाता है तो यह खांसी और बलगम में काफी राहत देता है. गांवों में बुजुर्ग बताते हैं कि पुरानी खांसी से परेशान लोगों के लिए भुना हुआ अमरूद किसी दवा से कम नहीं है. वहीं बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक इस फल को बड़े चाव से खाते हैं.
अगर अमरूद खाते समय इसमें थोड़ा सा काला नमक लगा लिया जाए तो इसका स्वाद और भी लाजवाब हो जाता है. अक्सर देखा जाता है कि कोई व्यक्ति अगर अमरूद खा रहा हो और पास में कोई बैठा हो, तो उसके मुंह में भी पानी आ जाता है और वह हंसते हुए कह उठता है “भाई साहब, और हो तो हमें भी खिला दो.” यही वजह है कि अमरूद को लोगों का पसंदीदा फल माना जाता है.
बताया जाता है कि जामफल हमेशा सर्दियों के मौसम में ही आता है और इस दौरान इसकी मांग भी काफी बढ़ जाती है. स्वास्थ्य जानकारों के अनुसार अमरूद में प्रचुर मात्रा में विटामिन पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं. इसमें विटामिन सी, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में मदद करते हैं.
लोगों का मानना है कि अमरूद खाने से पाचन तंत्र मजबूत होता है और पेट से जुड़ी समस्याएं दूर होती हैं. इसके अलावा यह ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में भी सहायक माना जाता है. हृदय रोगियों के लिए भी यह फल लाभकारी बताया जाता है. नियमित रूप से अमरूद खाने से वजन घटाने में मदद मिलती है और त्वचा भी स्वस्थ बनी रहती है.
सर्दियों में होने वाली सर्दी-खांसी से राहत पाने के लिए लोग खासतौर पर भुना हुआ अमरूद खाना पसंद करते हैं. इससे बलगम निकलने में आसानी होती है और गले को भी आराम मिलता है. कुल मिलाकर देखा जाए तो अमरूद एक ऐसा फल है, जो स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है. ऐसे में अगर इस सर्दी आप भी सेहतमंद रहना चाहते हैं तो अपने खानपान में जामफल को जरूर शामिल करें.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.