Last Updated:
Tata Sierra Delivery- टाटा सिएरा की बुकिंग शुरू हो चुकी है. आप ऑनलाइन और ऑफलाइन, यह धांसू गाड़ी बुक कर सकते हो. टाटा सिएरा की डिलीवरी कब होगी और कितना रह सकता है इसका वेटिंग पीरियड, आइये जानते हैं…
नई दिल्ली. टाटा सिएरा (Tata Sierra) अपने लॉन्च के बाद से ही छाई हुई है. टाटा की इस मिडसाइज एसयूवी को लेकर लोगों में खासा क्रेज है. यही वजह है कि बुकिंग खुलने के पहले ही दिन 70 हजार टाटा सिएरा बुक हो गई. यह आंकड़ा केवल कन्फर्म बुकिंग का है. इसके अलावा, करीब 1.35 लाख संभावित ग्राहकों ने सिएरा के लिए अपनी पसंदीदा ‘कॉन्फिगरेशन’ (रंग और फीचर्स का चयन) सबमिट की है. आप टाटा सिएरा को टाटा की आधिकारिक डीलरशिप या वेबसाइट के जरिए बुक कर सकते हैं. कंपनी ने बुकिंग अमाउंट ₹21,000 रखा है जो गाड़ी की फाइनल कीमत में एडजस्ट हो जाएगा. टाटा सिएरा की हो रही धड़ाधड़ बुकिंग के बाद अब सबके मन में यह सवाल है कि इस धांसू गाड़ी की डिलीवरी कब से शुरू होगी और इसका वेटिंग पीरियड कितना होगा?
टाटा मोटर्स पहले स्पष्ट कर चुकी है कि नई टाटा सिएरा कार की डिलीवरी 15 जनवरी 2026 से शुरू होगी. यानी डिलीवरी शुरू होने में अभी 18 दिन बाकी हैं. शुरुआत में यह गाड़ी उन लोगों को मिलेगी, जिन्होंने टॉप मॉडल्स की बुकिंग की है. इसके बाद लोअर वेरिएंट की डिलीवरी होगी. गाड़ी को लेकर लोगों के क्रेज को देखते हुए लग रहा है कि इसका वेटिंग पीरियड ठीक-ठाक होगा. वेटिंग पीरियड वेरिएंट, रंग और शहर के हिसाब से अलग-अलग हो सकता है. डिलीवरी के शुरूआती फेज में डिमांड ज्यादा होने पर वेटिंग पीरियड लंबा होने की आशंका है.
टाटा सिएरा का किससे है मुकाबला?
ऐसे समय में बाजार में आया है, जब यह सेगमेंट देश का सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धी माना जा रहा है. सिएरा को सीधे तौर पर कई स्थापित और लोकप्रिय एसयूवी से मुकाबला करना होगा. मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट में टाटा सिएरा की सीधी टक्कर हुंडई क्रेटा (Hyundai Creta), किआ सेल्टोस (Kia Seltos), मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा, टोयोटा हायराइडर और मारुति की नई विक्टोरिस से होगी. इस सेगमेंट में सिएरा की टक्कर सबसे पहले हुंडई क्रेटा से मानी जा रही है, जो लंबे समय से बिक्री के मामले में अग्रणी रही है. सेल्टोस भी सिएरा की प्रमुख प्रतिद्वंद्वी है, जिसे इसके प्रीमियम फीचर्स और पावरफुल टर्बो इंजन विकल्पों के लिए जाना जाता है. वहीं, मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा और टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर जैसी एसयूवी हाइब्रिड तकनीक और बेहतर माइलेज के कारण इस मुकाबले को और कड़ा बनाती हैं.
टाटा सिएरा इंजन और परफॉर्मेंस
टाटा सिएरा को तीन अलग-अलग इंजन विकल्पों के साथ पेश किया गया है, जो हर तरह के ड्राइवर की जरूरत को पूरा करते हैं.
- 1.5-लीटर हाइपेरियन T-GDi पेट्रोल: यह सबसे शक्तिशाली इंजन है, जो 160PS की पावर और 255Nm का टॉर्क देता है. यह केवल 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आता है.
- 1.5-लीटर रेवोट्रॉन पेट्रोल: यह नैचुरली एस्पिरेटेड इंजन 106PS पावर और 145Nm टॉर्क जनरेट करता है. इसमें मैनुअल और 7-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक (DCA) का विकल्प है.
- 1.5-लीटर क्रायोजेट डीजल: डीजल प्रेमियों के लिए यह इंजन 118PS पावर और 280Nm तक का टॉर्क देता है. यह मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों गियरबॉक्स में उपलब्ध है.
टाटा सिएरा प्राइस लिस्ट
| वेरिएंट | शुरुआती कीमत (₹) | इंजन विकल्प |
| Smart+ (बेस मॉडल) | ₹11.49 लाख | 1.5L पेट्रोल (Manual) |
| Pure | ₹12.99 लाख | पेट्रोल / डीजल (Manual/DCA) |
| Pure+ | ₹14.99 लाख से | पेट्रोल / डीजल |
| Adventure | ₹15.29 लाख से | पेट्रोल / डीजल |
| Adventure+ | ₹15.99 लाख से | पेट्रोल / डीजल / टर्बो |
| Accomplished | ₹17.99 लाख से | टर्बो पेट्रोल / डीजल |
| Accomplished+ (टॉप) | ₹20.99 – ₹21.29 लाख | टर्बो पेट्रोल AT / डीजल AT |