खरगोन: बिना लिखित परीक्षा दिए मिल रही नौकरी, सैलरी 20 हजार, इस विभाग में निकली भर्ती, जानें

खरगोन: बिना लिखित परीक्षा दिए मिल रही नौकरी, सैलरी 20 हजार, इस विभाग में निकली भर्ती, जानें


Khargone Jobs News: बेरोजगार युवाओं और नौकरी की तलाश कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है. सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, खरगोन द्वारा जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में विभिन्न पदों पर संविदा भर्ती निकाली गई है. खास बात ये कि यह भर्ती बिना किसी लिखित परीक्षा के की जाएगी. चयन प्रक्रिया शासन के निर्देशानुसार होगी और योग्य उम्मीदवारों को सीधे संविदा नियुक्ति दी जाएगी.

जारी विज्ञप्ति के अनुसार, यह भर्ती एक वर्ष की अवधि के लिए होगी. कुल 17 रिक्त पदों पर संविदागत मानदेय पर नियुक्ति की जानी है. इनमें ट्रान्स डिसिप्लिनरी विशेष शिक्षक के 2 पद ओर शेष अन्य पद शामिल हैं. विभाग का उद्देश्य दिव्यांगजनों के पुनर्वास, उपचार और परामर्श सेवाओं को मजबूत करना है, जिसके लिए विभिन्न तकनीकी, चिकित्सकीय और सहायक पदों पर भर्ती की जा रही है.

इन पदों पर निकली भर्ती
जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में जिन पदों पर नियुक्ति होगी, उनमें क्लीनिक मनोचिकित्सक/पुनर्वास मनोचिकित्सक (कोई एक), वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट/ऑक्युपेशनल थेरेपिस्ट (कोई एक), सीनियर प्रोस्थेटिस्ट ऑर्थोटिस्ट (ओएच श्रेणी), प्रोस्थेटिस्ट ऑर्थोटिस्ट (टेक्नीशियन), ऑडियोलॉजिस्ट एवं सीनियर स्पीच थेरेपिस्ट, श्रवण सहायक/जूनियर स्पीच थेरेपिस्ट, गतिशीलता प्रशिक्षक (मोबिलिटी इंस्ट्रक्टर), बहुउद्देशीय पुनर्वास कार्यकर्ता, लेखाकार सह लिपिक सह भण्डारी, व्यवसायिक परामर्शदाता सह कम्प्यूटर सहायक, ट्रान्स डिसिप्लिनरी विशेष शिक्षक (02 पद), प्रारंभिक उपचार थेरेपिस्ट, केयर गिवर, एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर, सहायक सह चपरासी सह संदेशवाहक एवं चौकीदार शामिल हैं.

8वीं पास से स्नातकोत्तर तक करें आवेदन
इन पदों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताएं तय की गई हैं. कुछ पदों के लिए न्यूनतम 8वीं पास होना पर्याप्त है, जबकि तकनीकी और विशेषज्ञ पदों के लिए डिप्लोमा, स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री के साथ संबंधित क्षेत्र का अनुभव अनिवार्य किया गया है. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन से पहले पद से संबंधित योग्यता और अनुभव की शर्तों को ध्यान से पढ़ लें.

20,500 रुपए तक मिलेगा मानदेय
भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार मानदेय दिया जाएगा. न्यूनतम मानदेय करीब 6,250 रुपए प्रतिमाह से शुरू होकर अधिकतम 20,500 रुपए प्रतिमाह तक रहेगा. बिना परीक्षा सीधे चयन और ठीक-ठाक मानदेय मिलने से यह भर्ती युवाओं के लिए बेहतर अवसर मानी जा रही है.

ऐसे होगा चयन, यहां से मिलेगी जानकारी
भर्ती प्रक्रिया जिला प्रबंधन दल (डीएमटी) के माध्यम से पूरी की जाएगी. आवेदन और चयन से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी कलेक्टर कार्यालय स्थित सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, खरगोन से संपर्क कर सकते हैं. विभाग द्वारा जारी शर्तों के अनुसार पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन करने का मौका मिलेगा.



Source link