छतरपुर जिला अधिवक्ता संघ चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कल (शुक्रवार) जिला न्यायालय परिसर में 934 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
.
चुनाव अधिकारी अधिवक्ता रवि पांडेय ने बताया कि संघ के कुल 934 मतदाता मतदान में हिस्सा लेंगे। मतदान सुबह 10 से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि मतों की गिनती अगले दिन की जाएगी।
चुनाव अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदान के लिए अधिवक्ताओं का पंजीकरण पत्र और मतदाता सूची में नाम होना अनिवार्य है। मतदान केंद्र से 50 फीट की दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्याशियों के बैनर और पोस्टर मतदान केंद्र से 500 मीटर की दूरी पर लगाए जाएंगे। चुनाव के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहेगा। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, भाई-भतीजावाद या लालच का प्रयोग पाए जाने पर संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अध्यक्ष पद के लिए नरेंद्र कुमार त्रिवेदी, अधिवक्ता शिवप्रताप सिंह चौहान (रिशु), कुशवाहा रामनारायण, राकेश कुमार दीक्षित, नरेंद्र कुमार खरे, मनोज कुमार व्यास और विनोद कुमार दीक्षित उर्फ गुड्डू वकील चुनाव लड़ रहे हैं।
चुनाव प्रक्रिया प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रविंद्र सिंह के निर्देश पर विशेष न्यायाधीश उपेंद्र प्रताप सिंह और न्यायाधीश अरविंद सिंह गुर्जर की निगरानी में कराई जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। तदर्थ चुनाव समिति द्वारा दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पुराने अधिवक्ता संघ कार्यालय में दिव्यांग और वृद्ध अधिवक्ताओं के लिए विशेष मतदान व्यवस्था की गई है, जबकि शेष अधिवक्ता नवीन अधिवक्ता संघ कार्यालय में मतदान करेंगे।