पांच दिन तक खिलाड़ी करते रहे इंतजार, कोहरे के कारण जब रद्द हुआ था टेस्ट मैच

पांच दिन तक खिलाड़ी करते रहे इंतजार, कोहरे के कारण जब रद्द हुआ था टेस्ट मैच


Last Updated:

Match Abandoned due to fog: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच लखनऊ में खेले जाना वाला टी20 मैच कोहरे के कारण रद्द हो गया. ऐसा पहली बार हुआ जब कोई टी20 मैच कोहरे के कारण रद्द किया गया, लेकिन 27 साल पहले ही भी एक ऐसी घटना हुई थी जब एक टेस्ट मैच के पांचों दिन कोहरे के कारण रद्द कर दिया गया था.

कोहरे के कारण मैच रद्द

नई दिल्ली: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चौथे टी20 मैच को कोहरे के कारण रद्द कर दिया गया. मुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना था. कोहरे के कारण मैच रद्द होने के बाद बीसीसीआई और मैनेजमेंट सवालों के घेरे में है. सवाल इसलिए उठ रहे हैं कि बीसीसीआई ने ठंड के मौसम में गलत वेन्यू का चुनाव किया. क्योंकि उत्तर भारत में ठंड के कारण कोहरे का बहुत अधिक प्रभाव रहता है. यही कारण है कि ऐसा पहली बार हुआ है जब कोहरे के कारण किसी टी20 मैच को रद्द किया गया.

हालांकि, क्रिकेट में ऐसा पहली बार नहीं हुआ है. कोहरे के कारण इससे पहले भी मैच को रद्द किया जा चुका है. हालांकि, ये एक टेस्ट मैच था. 27 साल पहले पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच एक टेस्ट मैच को कोहरे के कारण रद्द कर दिया गया. ये मुकाबला फैसलाबाद में खेला जाना था, लेकिन पांच दिन तक खिलाड़ी सिर्फ इंतजार ही करते रह गए और एक भी गेंद नहीं फेंका जा सका.

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की हुई थी बेइज्जती

साल 1998 में जिम्बाब्वे की टीम पाकिस्तान के दौरे पर आई थी. 17 दिसंबर से सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच फैसलाबाद में खेला जाना था. दिसंबर के महीने में फैसलाबाद में काफी ठंड पड़ती और घना कोहरा भी रहता है. ऐसे में फैसलाबाद को वेन्यू तय किए जाने को लेकर उस समय पीसीबी की जमकर आलोचना हुई थी.

कोहरे के कारण स्थिति इतनी खराब थी कि पांच दिनों तक सफेद रंग का धुंध छाया रहा था. इस वजह से टॉस तक भी नहीं किया जा सका. परिणाम ये हुआ कि जिम्बाब्वे की टीम पहली बार पाकिस्तान में टेस्ट सीरीज जीत गई. क्योंकि सीरीज के एक मैच में जिम्बाब्वे की जीत हुई थी और एक मुकाबला ड्रॉ रहा था.

क्या कोहरे को कम करने का कोई उपाय होता है?

क्रिकेट मैच में अक्सर बारिश और खराब रोशनी के कारण खेल को रोके या फिर रद्द किए जाने की घटना देखी जाती रही है, लेकिन कोहरे के कारण मैच प्रभावित हो ऐसा कभी-कभी होता है. बारिश के कारण स्थिति ठीक होने पर मैच को ओवर में कटौती के साथ शुरू किया जा सकता है. खराब रोशनी में फ्लड लाइट के इस्तेमाल से मैच को शुरू किया जा सकता है, लेकिन सवाल ये है कि क्या कोहरे के प्रभाव से बचने का कोई उपाय है.

बता दें कि कोहरे के प्रभाव को कम करने का कोई खास उपाय नहीं है. खास तौर से रात में अगर कोहरा छाता है को फिर ठंड बढ़ने के साथ-साथ वह घना होता जाता है. इसी वजह से लखनऊ टी20 को रद्द करना पड़ा. हालांकि, दिन में अगर कोहरा है तो उसमें सूर्य की रोशनी के कारण कुछ हद तक मौसम साफ हो जाता है, लेकिन दिसंबर से फरवरी के बीच जब मौसम ज्यादा ठंडा रहता है तो फिर कई दिनों तक आसमान में धुंध रहती है और सूरज भी कोहरे से ढका रहता है.

homecricket

पांच दिन तक खिलाड़ी करते रहे इंतजार, कोहरे के कारण जब रद्द हुआ था टेस्ट मैच



Source link