MP Visit Place: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से करीब 20 km की दूरी पर स्थित रायसेन जिले के आशापुरी में मध्यकालीन वास्तुकला और शिल्पकला का भंडार मिला है. यहीं पास ही में भोजपुर का प्राचीन शिवमंदिर और शैल चित्र के लिए विख्यात भीमबेटका भी है. लोकल 18 के माध्यम से हम बताएंगे कि यहां का इतिहास और यहां कैसे पहुंचा जा सकता है.
लोकल 18 से बात करते हुए इस साइट की देख-रेख करने वाले कमल सिंह परमार ने बताया, आज से करीब 10-12 साल पहले इस साइट की खोज की गई थी, जिसमें पुरातत्व विभाग को 10वीं-11वीं शताब्दी के मंदिरों का समूह मिला. जानकारी के अनुसार, इन मंदिरों की संख्या करीब 26 बताई जाती है. इनमें से यहां पर एक मंदिर के पुनर्निर्माण का काम पूरा हो चुका है.
कमल ने बताया, इस स्थान पर भूतनाथ मंदिर बेहद प्रसिद्ध है. इस मंदिर के निर्माण को लेकर पुरातत्व विभाग द्वारा आदेश जारी किया जा चुका है. हालांकि, उसमें अभी दो से तीन साल का समय लग सकता है. यहां आने वाले हर शख्स को यहां आने न सिर्फ शानदार नजारा देखने को मिलता है, बल्कि मन को शांति भी मिलती है.
महिषासुर माता का मंदिर
बता दें, आशापुरी आर्कियोलॉजिकल साइट पर भूतनाथ मंदिर के अलावा आशादेवी माता मन्दिर, जिसे महिषासुर माता के नाम से भी जाना जाता है. यह मंदिर बेहद विख्यात है, जहां से अद्भुत और व्यंगम दृश्य देखने को मिलता है. भूतनाथ मंदिर से ठीक लगकर एक तालाब स्थित है, जहां से सुंदर नजारा देखा जा सकता है.
दो अन्य साइट भी मौजूद
आशापुरी आर्कियोलॉजिकल साइट पर भूतनाथ मंदिर और आशापुरी माता मंदिर के अलावा पुरातत्व विभाग का संग्रहालय भी मौजूद है. इस संग्रहालय में करीब 400 से ज्यादा मूर्तियां रखी गई है. इसके अलावा आशापुरी गांव में प्रवेश करने से पहले ही सीधे हाथ पर बिलौटा धाम नामक मंदिर स्थित है. कहा जाता है कि इस मंदिर पर जल चढ़ाने से चार धाम जितना पूर्णिमा मिलता है. साथ ही यहां स्थित शिवलिंग में 1008 शिवलिंग अंकित है.
आशापुरी धाम कैसे पहुंचे
भोपाल से लगभग 35 किलोमीटर दूर भोजपुर रोड पर स्थित आशापुरी धाम पहुंचने के लिए सबसे पहले नर्मदापुरम रोड से भोजपुरी की ओर जाना होता है. बंगरसिया पहुंचकर भोजपुर रोड की ओर सीधे हाथ पर मुड़कर भोजपुर मंदिर से करीब 6 किलोमीटर दूर आशापुरी गांव पहुंचा जा सकता है.
जाने कितने का लगेगा टिकट
यहां आने वाले पर्यटकों में भारतीय पर्यटकों के लिए ₹20 का टिकट लगता है. इसके अतिरिक्त विदेशी पर्यटकों के लिए ₹400 प्रति व्यक्ति टिकट शुल्क लिया जाता है. हाल के दिनों में यहां पर पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है. यहां मौजूद गार्ड का कहना है कि जैसे-जैसे इस जगह को प्रसिद्धि मिलती जा रही है. यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है.