Last Updated:
टाटा मोटर्स ने सिएरा की बुकिंग में रिकॉर्ड बनाया, 2026 में नई टाटा नेक्सॉन, सिएरा ईवी, हैरियर, सफारी पेट्रोल, पंच फेसलिफ्ट समेत कई मॉडल लॉन्च करेगी. टाटा नेक्सॉन वर्तमान दौर में इंडिया की सबसे पॉपुलर कारों में शुमार की जाती है. कंपनी इसकी पॉपुलैरिटी को देखते हुए इसे खास अपग्रेड्स दे सकती है जिससे ज्यादा से ज्यादा बायर्स को अट्रैक्ट किया जा सके.
नई दिल्ली. टाटा मोटर्स ने भारतीय बाजार के लिए आक्रामक प्रोडक्ट रणनीति अपनाई है. नई सिएरा ने अपनी आधिकारिक कीमत की घोषणा से पहले ही जबरदस्त चर्चा बटोरी और बुकिंग विंडो खुलने के 24 घंटे के भीतर 70,000 से ज्यादा बुकिंग्स हासिल की. और यह तो सिर्फ शुरुआत है, क्योंकि देशी ऑटोमेकर ने 2026 के लिए कई नए प्रोडक्ट लॉन्च की योजना बनाई है, जिसमें सिएरा ईवी, हैरियर और सफारी पेट्रोल एसयूवी, पंच फेसलिफ्ट और नई जनरेशन नेक्सॉन शामिल हैं.
टाटा का प्रोजेक्ट गरूड़
नेक्स्ट जनरेशन टाटा नेक्सॉन (कोडनेम प्रोजेक्ट ‘गरुड़’) के 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत में डेब्यू करने की उम्मीद है. इसके लॉन्च के करीब ही आधिकारिक जानकारी सामने आएगी. फिलहाल, 2026 टाटा नेक्सॉन के बारे में ज्यादा जानकारी अभी सामने नहीं आई है पर इस एसयूवी के बारे कुछ डिटेल्स जरूर सामने आए हैं.
नया प्लेटफॉर्म और डिजाइन लैंग्वेज
इस बार इसके आर्किटेक्चर में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. नेक्स्ट जनरेशन नेक्सॉन बिल्कुल नए प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी, जो मौजूदा X1 आर्किटेक्चर का मॉडिफाइड वर्जन हो सकता है. यह प्लेटफॉर्म कई बॉडी स्टाइल्स और एडवांस टेक्नोलॉजी को सपोर्ट करता है. इसके अंदर और बाहर भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. नई 2026 टाटा नेक्सॉन कंपनी की नई डिजाइन लैंग्वेज के साथ आएगी और इसमें कंपनी के लेटेस्ट मॉडल्स से डिजाइन एलिमेंट्स लिए जा सकते हैं.
डीजल इंजन मिलेगा या नहीं?
इंजन सेटअप में ज्यादा बदलाव नहीं होने की संभावना है. नई 2026 टाटा नेक्सॉन में मौजूदा 1.2 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 120PS की पावर और 170Nm का टॉर्क जनरेट करता है. हालांकि, यह साफ नहीं है कि 1.5 लीटर डीजल इंजन अगले जनरेशन में मिलेगा या नहीं, क्योंकि आने वाले BS7 एमिशन नॉर्म्स के चलते इसमें बदलाव हो सकता है. सीएनजी फ्यूल ऑप्शन पहले की तरह उपलब्ध रहेगा.
कीमत में बढ़ोतरी तय
कॉस्मेटिक बदलाव, फीचर अपग्रेड और मैकेनिकल सुधारों को देखते हुए, नई 2026 टाटा नेक्सॉन की कीमत में अच्छी-खासी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. मौजूदा मॉडल की कीमत 7.32 लाख रुपये से शुरू होकर 14.15 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है. नई नेक्सॉन की कीमतें बेस वेरिएंट के लिए करीब 8 लाख रुपये से शुरू होकर टॉप वेरिएंट के लिए 17 लाख रुपये तक जा सकती हैं.