AUS vs ENG 3rd Test: 141 टेस्ट में 564 विकेट…Nathan Lyon ने रच डाला इतिहास, दिग्गज ग्लेन मैक्ग्रा का रिकॉर्ड टूटा

AUS vs ENG 3rd Test: 141 टेस्ट में 564 विकेट…Nathan Lyon ने रच डाला इतिहास, दिग्गज ग्लेन मैक्ग्रा का रिकॉर्ड टूटा


Nathan Lyon Test Wickets: इसमें कोई शक नहीं है कि नाथन लायन कंगारू टीम के सबसे घातक स्पिनर हैं. मौजूदा टीम में अगर कोई स्पिनर लगातार खेलता है तो वो लायन ही हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि देश कोई भी हो, लायन अपनी फिरकी का जलवा दिखाते हैं और टीम को विकेट निकालकर देते हैं. घर और बाहर दोनों जगह लायन के आंकड़े शानदार हैं. अब उन्होंने अपने करियर में एक और बड़ा कमाल कर दिखाया है. इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एडिलेड में चल रहे एशेज के तीसरे टेस्ट की पहली पारी में 2 विकेट लेते ही लायन ने इतिहास रच दिया.

नाथन लायन अब ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बन चुके हैं. उन्होंने इस मामले में दिग्गज ग्लेन मैक्ग्रा को पछाड़ दिया है. नाथन लायन ने अपने करियर के 141वें टेस्ट में 564 विकेट पूरे करते ही ग्लेन मैक्ग्रा का रिकॉर्ड तोड़ा. मैक्ग्रा के नाम 124 टेस्ट मैचों में 563 विकेट थे. नाथन लायन ने जैसे ही 18 दिसंबर 2025 के दिन एडिलेड टेस्ट की पहली पारी में 2 विकेट लिए वैसे ही वो मैक्ग्रा से आगे निकल गए. अब उनके आगे सिर्फ दिग्गज शेन वॉर्न हैं, जिन्होंने अपने करियर में ऑस्ट्रेलिया के लिए 708 टेस्ट विकेट निकाले थे.

ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट

  • शेन वॉर्न-708
  • नाथन लायन- 564
  • ग्लेन मैक्ग्रा- 563
  • मिचेल स्टार्क- 420
  • डेनिस लिली- 355

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट

इतना ही नहीं, नाथन लायन अब टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले छठे गेंदबाज बन चुके हैं. उनके बाद मैक्ग्रा का नाम 7वें नंबर पर खिसक गया है. इस लिस्ट में नंबर एक पर श्रीलंकाई दिग्गज मुथैया मुरलीधरन हैं, जिन्होंने सबसे ज्यादा 800 शिकार किए थे. यह एक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी है, जिसका टूटना आसान नहीं लगता.

Add Zee News as a Preferred Source


  • 800-मुथैया मुरलीधरन
  • 708-शेन वॉर्न
  • 704-जेम्स एंडरसन
  • 619-अनिल कुंबले
  • 604- स्टुअर्ट ब्रॉड
  • 564*- नाथन लायन
  • 563-ग्लेन मैक्ग्रा

अब निशाने पर स्टुअर्ट ब्रॉड का रिकॉर्ड

मैक्ग्रा को पछाड़ते ही नाथन लायन के टारगेट पर अब स्टुअर्ट ब्रॉड हैं. इस दिग्गज को पछाड़ने के लिए लायन को 41 विकेट और चटकाने होंगे. टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले महान गेंदबाजों की लिस्ट में लायन अब सिर्फ मुथैया मुरलीधरन, शेन वॉर्न, जेम्स एंडरसन, अनिल कुंबले और स्टुअर्ट ब्रॉड से पीछे हैं.

मैच में इंग्लैंड की हालत खराब

अगर हम ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एडिलेड में चल रहे तीसरे टेस्ट की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 371 रन बनाए हैं। इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही. 37 रन के स्कोर पर कप्तान पैट कमिंस ने जैक क्रॉली को आउट कर पहला झटका दिया. फिर नाथन लायन ने टॉप ऑर्डर को हिला दिया. लायन ने ओवर की तीसरी गेंद पर बेन डकेट को 29 रन पर पवेलियन भेजा और ओवर की आखिरी गेंद पर ओली पोप को सिर्फ 3 रन पर आउट कर दिया. इन दो विकेटों के साथ ही लायन टेस्ट क्रिकेट में 564 विकेट पूरे करने में सफल रहे. खबर लिखे जाने तक इंग्लैंड 76 रनों पर 4 बड़े विकेट खो चुका है.

ये भी पढ़ेंW W W W W: AUS पर मिसाइल की तरह बरसे जोफ्रा आर्चर, 1825 दिन बाद हुआ ‘चमत्कार’!



Source link