Last Updated:
Yashasvi Jaiswal Undergoes Rapid Weight Loss : भारतीय टीम के युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के बाद गैस्ट्रोएन्टराइटिस की वजह से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था. इसी वजह से अचानक उनका वजन कम हो गया है. डॉक्टरों ने उनको फिलहाल आराम की सलाह दी, विजय हजारे ट्रॉफी के शुरुआती मैच मिस कर सकते हैं.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल के फैंस के लिए बुरी खबर है. जिस दिन इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के लिए मिनी ऑक्शन था उसी दिन उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया था. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रहे इस युवा को पेट में तकलीफ के बाद हॉस्पिटल ले जाया गया था. अब खबर है कि उका वजन अचानक कम हो गया है और उन्हें ज्यादा आराम करने की सलाह दी गई है. दो दिन पहले उन्हें तेज गैस्ट्रोएन्टराइटिस डायग्नोज हुआ था.
रिपोर्ट के मुताबिक, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी मैच के कुछ घंटे बाद ही जायसवाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने मुंबई की तरफ से खेला था. पहले तो ये आम पेट की खराबी लग रही थी, लेकिन अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे के बाद पता चला कि ये तेज गैस्ट्रोएन्टराइटिस है. जायसवाल को आईवी दवा दी गई और डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने और इलाज का कोर्स पूरा करने को कहा है. रिपोर्ट में बताया गया है कि जायसवाल अब अस्पताल से डिस्चार्ज होकर मुंबई लौट आए हैं. उनका वजन दो किलो से ज्यादा कम हो गया है और अगले हफ्ते तक पूरा आराम करने की सलाह दी गई है.
यशस्वी जायसवाल को क्या हुआ?
एक सूत्र ने बताया, ‘ये फूड पॉयजनिंग है. उन्होंने पुणे के होटल में कुछ खाया था, जिससे ये हुआ. दर्द था लेकिन समय पर दवा मिलने से अब हालत काफी बेहतर है. दो दिन में उनका वजन दो किलो से ज्यादा कम हो गया है और डॉक्टरों ने कम से कम सात से दस दिन आराम करने को कहा है.’ पूरी तरह ठीक होने में एक हफ्ता लग सकता है, जिससे संभावना है कि जायसवाल विजय हजारे ट्रॉफी के शुरुआती मैच मिस कर सकते हैं. मुंबई की टीम 24 दिसंबर को सिक्किम के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी का पहला मैच खेलेगी और जायसवाल को रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करनी थी.
क्या न्यूजीलैंड के खिलाफ खेल पाएंगे यशस्वी?
सूत्र ने कहा, ‘शुरुआती कुछ मैचों में उनका खेलना मुश्किल लग रहा है. इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे भी हैं और वे उस सीरीज की टीम में भी रह सकते हैं.’ देखना होगा कि जायसवाल 29 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के खिलाफ मुंबई के मैच में खेल पाते हैं या नहीं. रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई की मेडिकल टीम भी न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले जायसवाल की सेहत पर नजर रख रही है.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें