Ishan Kishan: बाएं हाथ के तूफानी विकेटकीपर बैटर ईशान किशन इस वक्त चर्चा में हैं. उन्होंने झारखंड को अपनी कप्तानी में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 का खिताब दिलाया है. इस टूर्नामेंट के इतिहास में झारखंड पहली बार चैंपियन बनी है. किशन ने बल्ले से रनों की बारिश की और कप्तानी में भी कमाल किया. फाइनल में हरियाणा के खिलाफ तूफानी शतक ठोका और पूरे सीजन 500 से ज्यादा रन बनाए. खिताब जीतने के बाद उन्होंने टीम इंडिया में वापसी को लेकर बड़ा बयान दिया. ये वही किशन हैं, जिन्हें अच्छे प्रदर्शन के बाद भी टीम इंडिया में जगह नहीं मिली. इससे किशन टूट गए. उन्हें बहुत बुरा लगा. अब जब उन्होंने झारखंड को चैंपियन बनाया तो सेलेक्टर्स द्वारा बार-बार इग्नोर किए जाने पर उनका दर्द छलक गया है.
ईशान ने टीम इंडिया में अपने चयन को लेकर दिल की बात कही. घरेलू क्रिकेट में बढ़िया प्रदर्शन के बाद किशन को बार-बार इग्नोर किया गया. इसे लेकर उन्होंने कहा कि ‘जब मेरा इंडियन टीम में सिलेक्शन नहीं हुआ, तो मुझे बहुत बुरा लगा, क्योंकि मैं अच्छा खेल रहा था, लेकिन मैंने खुद से कहा कि अगर इस तरह की परफॉर्मेंस के बाद भी मेरा सिलेक्शन नहीं होता है, तो शायद मुझे और मेहनत करनी होगी, शायद मुझे अपनी टीम को जिताना होगा, शायद हमें एक यूनिट के तौर पर अच्छा करना होगा.’
किशन ने मानी ये गलती
स्पोर्ट्स स्टार से बातचीत में किशन ने कहा कि ‘मैं अपनी बल्लेबाजी पर काफी मेहनत कर रहा था. इसलिए, मुझे अपने खेल की अच्छी समझ है और यह भी पता है कि मैं कहां गलती कर रहा हूं. तो यह खुद पर भरोसा करने और खेल में सुधार करने की बात थी.’ किशन को 2023 में ‘अनुशासनहीनता’ के आधार पर भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया था. इस बारे में बात करते हुए किशन के चेहरे पर मुस्कान थी. किशन ने माना कि वो दौर मुश्किल था. उन्होंने कहा, ‘यह महत्वपूर्ण है कि आप निराशा को अपने ऊपर हावी न होने दें. मेरा सभी युवाओं को यही संदेश है कि निराशा आपको एक कदम पीछे ले जाएगी, लेकिन साथ ही आपको कड़ी मेहनत करनी होगी, खुद पर भरोसा रखना होगा और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना होगा.’
टी20 विश्व कप 2026 को लेकर क्या बोले किशन?
अगले साल 2026 में 7 फरवरी से टी20 विश्व कप 2026 शुरू होने जा रहा है. इसके लिए 20 दिसंबर को टीम इंडिया का ऐलान भी हो सकता है. विश्व कप के लिए टीम इंडिया में खुद के सेलेक्शन पर किशन ने कहा कि ‘मुझे पता है कि कई बार आप अपनी जीत की उम्मीद करते हैं. जब आपका नाम टीम में नहीं होता, तो आपको बुरा लगता है. इसलिए, मैं अब उस बारे में नहीं सोच रहा हूं. मैं किसी चीज की उम्मीद नहीं कर रहा हूं. मेरा काम बस अच्छा प्रदर्शन करते रहना है.’
मुझे अपनी बल्लेबाजी पर भरोसा है
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 का फाइनल जीतने से किशन बेहद खुश हैं. उन्होंने बताया कि खिताब जीतना उनके करियर का सबसे खुशी का पल है. उन्होंने कहा कि यह निश्चित रूप से सबसे खुशी का पल है, क्योंकि मेरी कप्तानी में हमने कभी घरेलू टूर्नामेंट नहीं जीते थे और यह एक ऐसा मौका था जब आपको खुद को साबित करना था. कई बार ऐसा होता है जब आप खुद पर शक करने लगते हैं, लेकिन जब आप जीत जाते हैं, तो सब कुछ खत्म हो जाता है और आपको पता चल जाता है कि आपमें क्या खूबियां हैं, आप अपने खेल में क्या बदलाव कर सकते हैं, आप मैच का रुख कैसे बदल सकते हैं. अब मुझे खुद पर ज्यादा भरोसा है, अपनी बल्लेबाजी पर ज्यादा विश्वास है.’
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में किशन ने दिखाया जलवा
10 पारियों में बनाए 517 रन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 का सीजन किशन के लिए बेहद शानदार रहा है. वो इस सीजन के टॉप रन स्कोरर हैं. फाइनल में किशन ने हरियाणा के खिलाफ 49 गेंदों में 101 रनों की तूफानी पारी खेली. इस सीजन वो 2 शतक और 2 फिफ्टी के दम पर 10 पारियों में 517 रन बना चुके हैं.
ये भी पढ़ें: Unique cricket record: 500+ विकेट, 500+ छक्के और 5000+ रन… नामुमकिन है इस खूंखार बल्लेबाज का वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटना!