नई दिल्ली. विजय रथ पर सवार भारतीय क्रिकेट टीम शुक्रवार को अंडर 19 एशिया कप के पहले सेमीफाइनल में दुबई में श्रीलंका से भिड़ेगी. आयुष म्हात्रे की टीम फाइनल में जगह बनाने के इरादे से उतरेगी. लगातार तीन जीत के बाद इंडिया अंडर 19 टीम ग्रुप ए में यूनाइटेड अरब अमीरात, पाकिस्तान और मलेशिया को हराकर छह अंकों के साथ पॉइंट टेबल में टॉप पर रहते हुए सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया. दूसरी ओर, श्रीलंका ग्रुप बी में अपने तीन में से दो मैच जीतकर बांग्लादेश के बाद दूसरे स्थान पर रहा. श्रीलंका को एकमात्र हार बांग्लादेश से मिली. श्रीलंका ने नेपाल और अफगानिस्तान के खिलाफ जीत हासिल की. दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश का मुकाबला पाकिस्तान से होगा. अगर सब कुछ ठीक रहा, तो भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल होने की पूरी संभावना है.
भारतीय बल्लेबाजों ने दुबई की विकेटों पर खूब रन बनाए हैं. खासकर वैभव सूर्यवंशी और अभिज्ञान कुंडू जैसे खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में बड़ी पारी खेले हैं. सूर्यवंशी ने टूर्नामेंट की शुरुआत में ही यूएई के खिलाफ 171 रन बनाकर सुर्खियां बटोरीं. भारत के इस ओपनर ने मलेशिया के खिलाफ भी पचास रन बनाए थे. हालांकि सूर्यवंशी दोहरा शतक बनाने से चूक गए, लेकिन कुंडू ने यह पक्का किया कि भारत के पास एशिया कप में एक दोहरा शतक लगाने वाला खिलाड़ी हो. नंबर 5 पर बैटिंग करते हुए कुंडू ने 125 गेंदों में नाबाद 209 रन बनाए और यूथ वनडे में दोहरा शतक बनाने वाले पहले भारतीय और साउथ अफ्रीका के जोरिख वैन शाल्कविक के बाद ओवरऑल दूसरे खिलाड़ी बने. गेंदबाजों में श्रीलंका को दीपेश देवेंद्रन से सावधान रहना होगा, जिन्होंने अब तक टूर्नामेंट में 10 विकेट लिए हैं. यह भारतीय तेज गेंदबाज अब तक सभी मैचों में शुरुआती विकेट लेने में लगातार कामयाब रहा है.
वैभव सूर्यवंशी आज बड़ी पारी खेलना चाहेंगे.
भारत बनाम श्रीलंका अंडर19 एशिया कप सेमीफाइनल मैच की डिटेल्स
तारीख: 19 दिसंबर
समय: सुबह 10.30 बजे भारतीय समय के मुताबिक
वेन्यू: आईसीसीए, दुबई
इंडिया अंडर 19 बनाम श्रीलंका अंडर 19 सेमीफाइनल मैच टीवी पर कब और कहां देखें?
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क अंडर 19 एशिया कप 2025 का ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर है. भारत बनाम श्रीलंका अंडर 19 एशिया कप 2025 का सेमीफाइनल मैच सोनी स्पोर्ट्स 1, सोनी स्पोर्ट्स 3 (हिंदी), सोनी स्पोर्ट्स 4 (तमिल) और सोनी स्पोर्ट्स 4 (तेलुगु) पर लाइव दिखाया जाएगा. भारत बनाम अंडर 19 बनाम श्रीलंका अंडर 19 सेमीफाइनल की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी.
इंडिया अंडर 19 बनाम श्रीलंका अंडर 19 संभावित XI
इंडिया: आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू, हरवंश पंगालिया, कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, दीपेश देवेंद्रन, किशन कुमार सिंह, उद्धव मोहन.
श्रीलंका: विमथ दिनसारा (कप्तान), कविजा गमागे, दिमंथा महाविथाना, वीरन चामुदिथा, डुलनिथ सिगेरा, चमिका हेनातिगाला, एडम हिल्मी (विकेटकीपर), किथमा विथानापतिराना, सेठमिका सेनेविरत्ने, सनुजा निन्दुवारा, कुगथास मथुलन.