IPL Controversy: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स के साथ कुछ ऐसा हुआ है जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी. फ्रेंचाइजी ने जिस खिलाड़ी को आगामी सीजन में उपलब्धता के सवाल पर रिलीज किय था उसे लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 8.60 करोड़ रुपये में खरीद लिया. यहां तक कि उस खिलाड़ी ने अब यह भी कह दिया है कि वह आगामी सीजन में सिर्फ 4 नहीं बल्कि अधिकांश मैचों के लिए उपलब्ध रहेगा. इससे पंजाब की टीम नाराज हो गई है.
जोश इंग्लिस ने दिया धोखा?
हम यहां ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिस की बात कर रहे हैं. पंजाब की टीम को यह जानकर गुस्सा आ गया है कि जोश इंग्लिस 2026 सीजन में उम्मीद से ज्यादा मैच खेलने के लिए उपलब्ध हो सकते हैं. पंजाब ने इंग्लिस को रिटेंशन डेडलाइन वाले दिन रिलीज कर दिया था, क्योंकि उन्हें बताया गया था कि ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर-बल्लेबाज टूर्नामेंट के ज्यादातर मैच नहीं खेल पाएंगे. वह रिलीज होने से 45 मिनट पहले तक टीम की लिस्ट में थे.
लखनऊ ने 8.60 करोड़ में खरीदकर किया हैरान
पंजाब तब हैरान रह गया जब “अनुपलब्ध” इंग्लिस के लिए बोली लगाने की होड़ मच गई, जिसे आखिरकार लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 8.60 करोड़ रुपये में खरीद लिया. यह उनकी पिछली कीमत से लगभग 6 करोड़ रुपये ज्यादा था. क्रिकबज ने गुरुवार को बताया कि पंजाब किंग्स इस मामले में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से बात करने पर विचार कर रही है. पंजाब साफ तौर पर इस बात से नाखुश है कि उन्होंने एक मजबूत एसेट को जाने दिया, जिसे उन्होंने पहले सस्ते दाम पर हासिल किया था और उन्हें इस बात से दुख है कि यह संवादहीनता का मामला था.
ये भी पढ़ें: T20 World Cup: कब होगा टीम इंडिया का ऐलान? सामने आ गई डेट, इन 15 सूरमाओं का चुना जाना तय!
इंग्लिस से नाराज पंजाब के मालिक
पंजाब किंग्स के सह-मालिक नेस वाडिया ने इस स्थिति पर अपनी नाराजगी ज़ाहिर की और एक इंटरव्यू में कहा कि इंग्लिस का काम अनप्रोफेशनल था. वाडिया ने बताया कि इंग्लिस ने रिटेंशन डेडलाइन से ठीक 45 मिनट पहले फ्रेंचाइजी को बताया कि वह अप्रैल में अपनी शादी के प्लान की वजह से IPL 2026 के लिए उपलब्ध नहीं होंगे. वाडिया ने द हिंदू को बताया, “दुर्भाग्य से जोश ने हमें आखिरी मिनट में बताया, जो कि बहुत सही नहीं था, क्योंकि वह काफी समय से हमारे साथ थे.”
शादी का बनाया बहाना?
नेस वाडिया ने आगे कहा, ”मुझे लगता है कि सबको पता था कि रिटेंशन कब होने वाला है और डेडलाइन से 45 मिनट पहले उन्होंने हमें बताया कि वह शादी कर रहे हैं. उन्हें आराम करने और ठीक होने के लिए समय चाहिए. उन्होंने कहा कि वह सिर्फ कुछ हफ्तों के लिए लगभग तीन मैच के लिए ही उपलब्ध रहेंगे. हमने उनसे कहा कि उन्हें हमें पहले बताना चाहिए था. मुझे नहीं लगता कि यह उनकी तरफ से बहुत प्रोफेशनल था. मुझे नहीं लगता कि यह किसी के लिए बहुत प्रोफेशनल है अगर उन्हें पता हो कि कोई डेडलाइन है. आप किसी को 45 मिनट पहले कॉल करके यह नहीं कह सकते- अरे, मैं नहीं आ रहा हूं.”
ये भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप टीम का असली दावेदार… नहीं हुआ सेलेक्शन तो होगा अन्याय! गेंदबाजों में फैलाता है दहशत
लैंगर-मूडी ने पोंटिंग को दी मात
सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जाएंट्स दो ऐसी फ्रेंचाइजी हैं जिनके हेड ऑस्ट्रेलियाई हैं. SRH के पास डेनियल विटोरी और पैट कमिंस हैं, दोनों नेशनल टीम के जरिए इंग्लिस से करीब से जुड़े हुए हैं. वहीं, LSG के पास जस्टिन लैंगर और टॉम मूडी हैं जो क्रिकेट का काम देखते हैं. इससे फैंस के बीच यह अंदाजा लगने लगा कि क्या लैंगर इंग्लिस के शेड्यूल और उपलब्धता के बारे में पंजाब के हेड कोच रिकी पोंटिंग से ज्यादा जानते थे. जोश इंग्लिस ने पिछले आईपीएल सीजन में करीब 30 की औसत और 162 की स्ट्राइक रेट से 278 रन बनाए थे.