आरोपिययों के गोलीबारी करने का वीडियो सामने आया है।
मुरैना शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के बड़ोखर इलाके में शनिवार शाम एक किराना दुकानदार से सामान के पैसे मांगने पर दो युवकों ने अपने साथियों को बुलाकर फायरिंग कर दी। घटना पंप हाउस के पास स्थित एक घर में संचालित किराना दुकान की है।
.
बड़ोखर निवासी अजय दंडोतिया अपने घर से ही किराने की दुकान चलाते हैं। शाम करीब 8 बजे विनोद शर्मा और कान्हा पंडित उनकी दुकान पर पहुंचे और पनीर तथा सफ़ल मटर खरीदी। सामान लेने के बाद जब दुकानदार ने पैसे मांगे, तो दोनों युवक विवाद करने लगे।
विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने फोन के जरिए अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद कट्टे से करीब पांच मिनट के भीतर चार राउंड फायर किए गए और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में दुबक गए। घटना का एक वीडियो दुकान के पड़ोस में रहने वाले युवक ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सामने आया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। दुकानदार अजय दंडोतिया की शिकायत पर पुलिस ने कान्हा पंडित और विनोद शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
स्टेशन रोड थाना प्रभारी कुलदीप राजपूत ने बताया कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। उनके खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।