बड़वानी जिले के अंजड़ में छात्राओं ने शनिवार शाम एक मनचले युवक की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। छात्राओं ने यह कदम रोजाना की छेड़छाड़ से परेशान होकर उठाया। घटना अंजड़ के दशहरा मैदान के सामने हुई।
.
शासकीय जनजातीय सीनियर कन्या छात्रावास अंजड़ की 55 छात्राएं इस युवक के भद्दे कमेंट से लगातार परेशान थीं। छात्राओं ने पहले भी छात्रावास अधीक्षिका श्रुति बाला कर्मा से इसकी शिकायत की थी। शनिवार सुबह भी एक मनचले को पुलिस के हवाले किया गया था। इसके बावजूद, शाम को स्कूल से छात्रावास लौटते समय युवक ने फिर छात्राओं पर अशोभनीय टिप्पणियां कीं।
युवक द्वारा बार-बार टिप्पणी करने से नाराज छात्राओं ने उसे अंजड़ के दशहरा मैदान पर घेर लिया। उन्होंने उसकी पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी।
मनचले पर थप्पड़ बरसाती छात्रा।
इस घटना के बाद अंजड़ में महिला सुरक्षा व्यवस्था पर नगरवासियों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। नगरवासी राजेश पाटीदार ने कहा कि ‘बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ’ का नारा दिया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है।
स्कूल खुलने और छुट्टी के समय गर्ल्स स्कूलों के बाहर मनचलों का जमावड़ा आम हो गया है। बड़वानी जिला मुख्यालय पर पुलिस की ‘निर्भय टीम’ तैनात है, लेकिन जिले के ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में ऐसी कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं दिखती।
ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में स्कूलों के बाहर मनचले खुलेआम खड़े होकर छात्राओं पर अशोभनीय टिप्पणियां करते हैं। कुछ छात्राओं ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि छुट्टी के बाद मनचले उनका पीछा करते हैं, गली-मोहल्लों में रोकते हैं और मोबाइल नंबर मांगते हैं। नगरवासियों ने पुलिस से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।