चैंपियनशिप में गोल्ड और सिल्वर मेडल के साथ वंशिका तिवारी।
ग्वालियर के महिला थाने में पदस्थ महिला आरक्षक की बेटी वंशिका तिवारी ने दिल्ली में 1 दिसंबर 2025 से आयोजित 68वीं नेशनल शॉटगन शूटिंग चैंपियनशिप में अपना बेहतर प्रदर्शन दिखाते हुए यूथ कैटेगरी इंडिविजुअल सहित विभिन्न श्रेणियों में कुल 5 मेडल अपने नाम किए
.
शूटिंग चैंपियनशिप के मैदान पर हाथ में गन थामकर अपने लक्ष्य पर निशाना साधती वंशिका।
18 वर्षीय वंशिका पुत्री चंद्रशेखर तिवारी ग्वालियर के कम्पू क्षेत्र के रॉक्सी टॉकीज के पास की रहने वाली हैं। वंशिका के पिता एक प्राइवेट जॉब करते हैं वहीं वर्तमान में उनकी मां महिला थाने में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। वंशिका ने यूथ कैटेगरी इंडिविजुअल में गोल्ड, जूनियर टीम में गोल्ड, सीनियर टीम में सिल्वर, मिक्स टीम में सिल्वर और जूनियर इंडिविजुअल में सिल्वर मेडल हासिल किए। वंशिका मध्य प्रदेश की पहली ऐसी शूटिंग खिलाड़ी हैं, जिनका चयन मात्र 13 साल की उम्र में साल 2019 में एमपी शूटिंग एकेडमी भोपाल में हुआ था।
वंशिका ने दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 1 दिसंबर से 5 जनवरी तक आयोजित इस चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने देश के अलग-अलग राज्यों की टीमों के खिलाड़ियों के सामने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इससे पहले, वह 2024 में वर्ल्ड यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में भी सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं।
मेडल जीतने के बाद वंशिका ने अपनी भविष्य की योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि अभी तक वह देश और प्रदेश के लिए सिल्वर और गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। उनका सबसे बड़ा सपना अब देश के लिए ओलंपिक में खेलते हुए गोल्ड मेडल जीतना है। वंशिका तिवारी ने अपनी इन उपलब्धियों से ग्वालियर और पूरे मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है।